मुरादाबादः बंदूकें छोड़ अब गांव को सैनिटाइज करने के लिए निकल पड़ी हैं दो जुड़वा शूटर बहनें
मुरादाबाद। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए जहां तमाम सामाजिक संगठन और सरकार लगातार प्रयासरत हैं तो वहीं निशानेबाज दो जुड़वा बहनों ने भी कोरोना के खिलाफ जंग का एलान कर दिया है । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कासी राम नगर में रहने वाली दो निशानेबाज जुड़वा बहन अंशिका और बंसिका ने अपनी बंदूक घर में रखकर अपने हाथों में सैनिटाइजर मशीन ले ली है और अपने पूरे क्षेत्र को सैनिटाइजर का छिड़काव कर रही हैं।

वहीं निशानेबाज जुड़वा बेटियों का हौसला देख हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है । बेटियों का कहना है कि जब तक कोरोना का खात्मा नही हो जाता तब तक बह हर रोज अपने क्षेत्र के घरों में सेनेटाइजर करते रहेंगे। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मरीज मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार की सुबह आगरा में पांच नए मामले सामने आए हैं। यूपी में संक्रमितों की संख्या 427 पहुंच गई है। मेरठ और गोरखपुर में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
बता दें कि मुरादाबाद में स्थित जामिया कासमिया मदरसा जकरिया (टीपीनगर) के 158 छात्रों को पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम की मदद से क्वारंटाइन कर दिया है। इस मदरसे से 15 छात्र देवबंद गए थे और बनारस में कोराना पॉजिटिव मिले छात्र के संपर्क में रहे हैं। इनमें से सात अपने घरों को चले गए हैं। पुलिस घर जाने वाले छात्रों के बारे में पता कर रही है। इन सभी छात्रों को उनके घरों में ही क्वारंटाइन करा दिया जाएगा।

इसके अलावा जिले में कोविड 19 पोर्टल ने कार्य करना शुरू कर दिया। बीते गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयोजित कार्यशाला में सभी संबंधित कर्मचारियों को इसकी बारीकियां सिखाई गईं। पोर्टल के जरिये अब बाहर से आने वाले सभी लोगों, क्वारेंटाइन होने वाले लोगों के बारे में सूचनाएं तत्काल ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेंगी।












Click it and Unblock the Notifications