Moradabad: सोसाइटी के अंदर घुसकर BJP नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सर में लगी 2 गोलियां, मौत
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में गुरुवार को एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां शाम करीब 6 बजे दिल्ली रोड स्तिथ एक हाउसिंग सोसाइटी में घुसकर तीन बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी है। परिजनों ने 2 लोगों को नामजद किया है। नामजद आरोपियों में से एक अनिकेत चौधरी भी भाजपा नेता है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते ये हत्या की गई है।
रंजिशन हत्या की आशंका
बता दें कि मृतक अनुज चौधरी संभल के एंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र में अलिया नेकपुर गांव के रहने वाले थे। पिछले कई सालों से वह दिल्ली रोड पर मझोला थाना क्षेत्र में स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा अपार्टमेंट के टावर-7 में फ्लैट नंबर 402 में रहते थे। जानकारी अनुसार 2021 में अनुज ने संभल के असमोली से ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ा था। इसी को लेकर अनुज की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी।

सोसाइटी के अंदर घुसकर मारी गोली
इसी रंजिश के चलते गुरुवार की शाम करीब 6 बजे जब मृतक अनुज चौधरी सोसाइटी के अंदर टहल रहे थे। तभी काले रंग की बाइक से आए तीन हमलावरों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और फरार हो गए। उधर, गोली लगने से अनुज चौधरी जख्मी अवस्था में जमीन पर गिर पड़े थे। उनके साथी तुरंत उन्हें कार में डालकर नया मुरादाबाद में स्थित प्राइवेट अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अनुज को तीन गोलियां लगी थीं। इनमें से 2 गोली उन्हें सिर में और एक कंधे में लगी है।
5 टीमें हत्यारों की तलाश में जुटी
वहीं सूचना मिलते ही एसएसपी हेमराज मीणा समेत कई पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को 2 लोगों को नामजद करते हुए शिकायत दर्ज करवाई। नामजद आरोपियों में से एक अनिकेत चौधरी है, जिसकी मां असमोली ब्लॉक प्रमुख हैं। इसके साथ ही हत्यारों की अरेस्टिंग के लिए 5 टीमों का गठन किया गया है। मृतक किसान मोर्चा से भी जुड़ा था। इसलिए मौके पर भाकियू से जुड़े लोग भी पहुंच गए हैं।

CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना पार्श्वनाथ प्रतिभा अपार्टमेंट की है। यहां सीसीटीवी लगे हैं। घटना के बाद पुलिस अपार्टमेंट के गेट और उसके आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी हेमराज मीणा और एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया है। हमलावर मृतक के पड़ोस गांव भवालपुर के बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द हत्यारोपियों को अरेस्ट कर लेगी।












Click it and Unblock the Notifications