UP News: शोहदों के डर से बेटी ने छोड़ दी पढ़ाई, अब शादी तय होने पर रिश्तेदारों को दिखा रहे 'गंदी तस्वीरें'
UP Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में शोहदों के आतंक से परेशान छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। इतना ही नहीं छात्रा की शादी तय हो जाने के बाद मनबढ़ युवकों द्वारा उसकी अश्लील तस्वीरें रिश्तेदारों को दिखा दी गई। जिससे उसकी शादी भी टूट गई है।
मनबढ़ युवकों के इस हरकत से परेशान मड़िहान थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा और उसके परिजनों द्वारा सीओ ऑपरेशन को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि मनबढ़ युवक छात्रा के गांव के ही रहने वाले हैं और काफी समय से छात्रा को परेशान करते चले आ रहे हैं।

रास्ते में झुंड बनाकर करते हैं परेशान
छात्रा का आरोप है कि जब भी वह स्कूल पढ़ने जाती है तो रास्ते में मनबढ़ युवक और उसके मित्र झुंड बनाकर खड़े रहते हैं। छात्रा को देखकर उन लोगों द्वारा हूटिंग की जाती है और अश्लील फब्तियां कसते हैं। शोहदों का झुंड काफी दूर तक छात्रा का पीछा भी करता है।
शोहदों के आतंक से परेशान छात्रा द्वारा इसकी जानकारी अपने घरवालों को दी गई। घरवालों द्वारा शोहदों को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन वे नहीं माने। इसी बीच छात्रा की शादी परिजनों द्वारा मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ तय कर दी गई।
इसकी जानकारी जब गांव के रहने वाले मनबढ़ युवकों को हुई तो सभी छात्रा के होने वाले ससुराल पहुंच गए और वहां पर जिस युवक से छात्रा की शादी होने वाली थी, उसे उन लोगों ने छात्रा की अश्लील तस्वीरें दिखा दिया। आरोप है कि उनके कृत्य के बाद छात्रा की शादी टूट गई।
इस मामले में छात्रा और उसके परिजनों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद सीओ ऑपरेशन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई है। वही शोहदों के आतंक से छात्रा और उसके परिवार में भी भय व्याप्त है।












Click it and Unblock the Notifications