Mirzapur News: खेल रहे बच्चों के पास आ गया मगरमच्छ, लोगों ने बिना शोर मचाए दिखाई चतुराई, बच गई सबकी जान
Mirzapur News:उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र में खेल रहे बच्चों के पास एक मगरमच्छ पहुंच गया। घटना रविवार सुबह की है। इस दौरान बच्चों और उनके परिजनों ने काफी चतुराई दिखाई जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और मगरमच्छ को पकड़ लिया गया।
वन विभाग की टीम ने पकड़े गए मगरमच्छ को मेजा दादरी बांध में ले जाकर छोड़ दिया। वन विभाग की टीम की ओर से बताया गया कि मगरमच्छ पास की अदवा नदी से गांव में आया था। फिलहाल मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

यह पूरी घटना मिर्जापुर जनपद के हलिया थाना अंतर्गत भटवारी गांव की है। गांव में जंग बहादुर सिंह और राजेश सिंह का मकान है। बताया जा रहा है कि उनके परिवार के बच्चे रविवार को सुबह में खेल रहे थे। इसी दौरान वहां 8 फीट लंबा मगरमच्छ पहुंच गया।
मगरमच्छ पहुंचने के बाद बच्चों ने शोर मचाए बगैर इसकी सूचना परिजनों को दी, सूचना मिलने के बाद परिजन वहां पहुंचे और काफी चतुराई से काम लेते हुए लोगों ने मगरमच्छ के मुंह पर बोरा फेंक दिया। बोरा और पर्दा से आंख ढक जाने के चलते मगरमच्छ भाग नहीं पाया।
इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पाकर वन दरोगा अजय प्रकाश और चन्द्रशेखर प्रजापति गांव पहुंचे। इसके बाद वन कर्मियों ने मगरमच्छ को पकड़ लिया। लोगों ने उसे पकड़कर मेजा दादरी बांध में छोड़ दिया।
गांव में मगरमच्छ आने की सूचना मिलने के बाद उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मगरमच्छ कई दिनों से धान के खेत में दिख रहा था लेकिन ग्रामीणों की आवाज सुनकर छिप जाता था। उसे पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि पास में स्थित नदी में अक्सर मगरमच्छ देखे जाते हैं। अधिकारियों द्वारा संभावना जताई गई कि उसी नदी से निकलकर मगरमच्छ बस्ती में आ गया था।












Click it and Unblock the Notifications