मेरठः स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही, कोरोना संक्रमित मां ने बच्चे को दिया जन्म तो बिना जांच के परिजनों को सौंपा
मेरठ। कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के दौरान सतर्कता के दावे कर रहे चिकित्सा विभाग की एक बड़ी लापरवाही के चलते एक परिवार के कई लोगों पर संक्रमण के बादल मंडरा गए हैं। दरअसल, मेडिकल के कोरोना वार्ड में भर्ती एक संक्रमित गर्भवती महिला के प्रसव के बाद डॉक्टरों ने नवजात शिशु को परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद सीएमओ डॉक्टर राजकुमार ने मेडिकल के डॉक्टरों से लिखित में जवाब तलब किया है।

बताते चलें कि रजबन बाजार निवासी गर्भवती महिला को कुछ दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद मेडिकल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की दोपहर महिला ने एक शिशु को जन्म दिया। जिसके बाद डॉक्टरों ने नवजात शिशु को महिला के रिश्तेदारों के सुपुर्द कर दिया। उधर, जब देर शाम तक यह मामला सीएमओ के संज्ञान में आया तो उन्होंने इसे मेडिकल के डॉक्टरों की लापरवाही मानते हुए उनसे लिखित में जवाब तलब किया है।
सीएमओ ने बताया महिला के गर्भस्थ शिशु को संक्रमण की पूरी संभावना थी। इसके बावजूद मेडिकल के डॉक्टरों ने बच्चे को आइसोलेशन में रखने के स्थान पर बिना कोरोना जांच कराए परिजनों के सुपुर्द क्यों किया। इसके लिए उनसे लिखित में जवाब मांगा गया है। मेरठ में अब कोरोना के मरीजों की कुल संख्या 87 हो गई है। जिले में अब तक चार लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि 30 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
इसके अलावा जमातियों के गिरफ्तारी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जिले के सरधना कस्बे का है, जहां की एक मस्जिद में पकड़े गए 9 विदेशी जमामितयों में से 8 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इनके साथ दो इनके ट्रांसलेटर भी जेल गए हैं। दोनों ट्रांसलेटर भारतीय हैं। इनके खिलाफ थाना सरधना में वीजा शर्तों का उल्लंघन और लॉकडाउन का पालन न करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं जिले में एक कोरोना पॉजिटिव महिला ने भी एक बच्चे को जन्म दिया है।
इंडोनेशिया के 9 जमाती और उनके साथ दो ट्रांसलेटर सरधना की एक मस्जिद में लॉकडाउन की शर्तों का उल्लघन करते हुए बिना सूचना दिये यहां मिले थे। इनकी जब जांच करायी गई तो एक विदेशी समेत दो में कोरोना पॉजिटिव मिला था। जिसके बाद कोरोना पॉजिटिव मिले जमाती को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था और बाकि को सुभारती अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में क्वारैंटाइन कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications