NCERT की नकली किताबों के फर्जीवाड़े में BJP नेता संजीव गुप्ता पार्टी से निलंबित, सचिन की तलाश में एसटीएफ कर रही छापेमारी
मेरठ। 21 अगस्त को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एनसीईआरटी (NCERT) की 35 करोड़ रुपए से ज्यादा फर्जी किताबों के प्रकाशन का भंडाफोड़ हुआ था। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता संजीव गुप्ता का नाम भी सामने आया था। संजीव गुप्ता का नाम सामने आने के बाद अब उनपर गाज गिर गई है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने प्रिंटिंग प्रेस और गोदाम के मालिक संजीव गुप्ता को पार्टी के तमाम दायित्व और पदों से निलंबित कर दिया है। तो वहीं, पुलिस ने संजीव गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्तान की खबर के मुताबिक, भाजपा नेता संजीव गुप्ता और उसका भतीजे सचिन गुप्ता की तलाश में एसटीएफ व परतापुर पुलिस ने कई जगह छापेमारी की। सेल टैक्स विभाग ने सचिन के दफ्तर से कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। फिलहाल दोनों मास्टरमाइंड फरार हैं। एनसीईआरटी की डुप्लीकेट किताबें छापने के मास्टरमाइंड संजीव और सचिन गुप्ता हैं। संजीव कोतवाली क्षेत्र में भाटवाड़ा बुढ़ाना गेट और सचिन गुप्ता मेडिकल क्षेत्र में सुशांत सिटी का रहने वाला है। दोनों चाचा-भतीजे एक दशक से नकली किताबें छाप रहे थे।
खबर के मुताबिक, सचिन गुप्ता का एक दफ्तर टीपीनगर थाना क्षेत्र के मोहकमपुर में एक ऑटोमोबाइल शोरूम के पास है। सेल टैक्स और एसटीएफ टीम शनिवार को इस दफ्तर पर पहुंची। यहां वह नहीं मिला। टीम ने दफ्तर से जरूरी दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। इसके बाद एसटीएफ दोनों आरोपियों के घरों पर पहुंची। वे वहां से फरार मिले। उनके मोबाइल नंबर भी बंद जा रहे हैं। दोनों नंबरों को सर्विलांस पर लेकर लोकेशन तलाशी जा रही है। परतापुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश मिश्र ने बताया कि मास्टरमाइंड सहित चार आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में टीमें बनाकर दबिश दी जा रही हैं। जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये हुई कार्रवाई
बता दें कि एसटीएफ और थाना परतापुर पुलिस की टीम ने गोदाम पर छापा मारकर मौके से एनसीईआरटी की विभिन्न कक्षाओं की नकली किताबें, 6 कंप्यूटर सीपीयू, प्रयोग हुई 123 बिल बुक और 44 नई बिल बुक समेत अन्य कई सामान बरामद किए थे। इस मामले में मौके से शिवम, राहुल, आकाश और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने संजीव गुप्ता, सचिन गुप्ता, विकास त्यागी और नफीस को नामजद किया है। ये सभी अभी फरार हैं।












Click it and Unblock the Notifications