मेरठ: प्रेमी से शादी करना चाहती थी युवती, सौतेले भाई ने गोली मारकर की हत्या
मेरठ: प्रेमी से शादी करना चाहती थी युवती, सौतेले भाई ने गोली मारकर की हत्या
मेरठ, 09 सितंबर: खबर उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से है, यहां 23 साल की एक युवती को उसके सौतेले भाई ने गोली मारे दी। गोली लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार व आसपास के लोग जाग गए और सरधना थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हत्यारोपी सौतेले भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, बहन को गोली मारने के बाद उसने परिवार वालों से कहा, 'अब उनकी बदनामी नहीं होगी। बहन को जन्नत में पहुंचा दिया है।'

यह वारदात मेरठ जिले सरधना थाना क्षेत्र के मोल्ला इस्लामाबाद की है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, सिमरन (23) का अपने पड़ोस में रहने वाले एक युवक से काफी लंबे वक्त से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के परिवार वाले इसका विरोध करते थे, लेकिन वो अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। बता दें कि 3 महीने पर सिमरन के परिजनों ने उसके घर से निकलने पर रोक लगा दी। हालांकि, वो मोबाइल से अपने प्रेमी से चोरी छिपे बात करती थी। पुलिस के मुताबिक, तीन दिन पहले सिमरन के छोटे भाई ने अपनी बहन को प्रेमी के साथ देख लिया था। तब से वह सिमरन को मारने का प्लान बना रहा था।
कार्यवाहक एसओ सुरेंद्र मलिक ने बताया की सिमरन रात में कमरे में सोई हुई थी। तभी 18 वर्षीय छोटा भाई आरिफ तमंचा लेकर कमरे में पहुंचा और सोते समय अपने बहन सिमरन की गोली मारकर हत्या कर दी। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार व आसपास के लोग भी जाग गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि हत्या करने के बाद आरिफ ने परिवार वालों से कहा कि सिमरन को प्रेमी से ही शादी करनी थी। उसी से निकाह करना है। अब उसे जन्नत मिल गई।
पूछताछ में हत्यारोपी आरिफ ने बताया कि सिमरन की वजह से उस पर आसपास रहने वाले लड़के कमेंट करते हैं। इससे ज्यादा बदनामी नहीं झेल सकता था। घटना को अंजाम देने के बाद आरिफ मौका-ए-वारदात से फरार हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस की 2 टीमें लगाई गई। सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है बहन की हत्या के मामले में आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है।












Click it and Unblock the Notifications