मेरठ: अवैध संबंधों के शक में होमगार्ड ने ही कराया था पत्नी का कत्ल, गिरफ्तार
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में 23 जुलाई को एसएसपी आवास के पास हुई होमगार्ड की पत्नी की सनसनीखेज हत्या का खुलासा हो गया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति होमगार्ड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी से अनबन और उस पर शक के चलते होमगार्ड कमांडेंट के हमराह ने भाड़े के शूटरों से अपनी पत्नी का कत्ल करवाया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और शूटरों की तलाश में जुटी है।

गोली मारकर की गई थी महिला की हत्या
मामेपुर निवासी बृजेश बेनीवाल होमगार्ड में तैनात है। वर्तमान समय में होमगार्ड कमांडेंट का हमराह है। मंगलवार को बृजेश की पत्नी सोनम उर्फ रेखा बेगम पुल से फिजियोथैरेपी कराकर टेंपो में बैठकर घर जा रही थी। इसी दौरान एसएसपी आवास के पास हजारी की प्याऊ पर बाइक सवार दो हमलावरों ने रेखा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पति ने करवाई पत्नी की हत्या
एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया पुलिस ने इस मामले में रेखा के पति बृजेश को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया बृजेश की अपनी पत्नी से अनबन चल रही थी। इसी के चलते उसने भाड़े के दो शूटर हायर किए और उन्हें कुछ रकम देकर रेखा की हत्या करा दी। घटना के समय आरोपी दूसरे स्थान पर रहा, जिससे पुलिस को उस पर शक ना हो। फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा रहा है और कत्ल करने वाले शूटरों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications