Mau News: एक ही इलाके में लगातार मिल रहे अजगर, वनकर्मियों ने बताई बड़ी वजह
मऊ जनपद के मधुबन थाना अंतर्गत दुबारी गांव में एक ही स्थान पर पिछले 2 माह में तीन अजगर दिखाई दिए। एक ही स्थान पर लगातार अजगर मिलने के चलते गांव में दहशत का माहौल है।

Mau जनपद के मधुबन थाना अंतर्गत दुबारी गांव में स्थित एक स्थान पर लगातार अजगर मिल रहे हैं। अजगर मिलने की सूचना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। आलम यह है कि बीते 2 माह में गांव में तीन बार अजगर मिल चुके हैं। एक ही स्थान पर 2 माह में तीन बार अजगर मिलने की घटना से गांव में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। कुछ लोग इसे ईश्वरीय शक्ति मान रहे हैं तो कुछ लोग गांव में किसी अनहोनी की बात कह रहे हैं। फिलहाल वन कर्मियों का कहना है कि बांध के समीप कहीं अजगर रहता है और उसी अजगर के बच्चे इलाके में आए दिन मिल रहे हैं।
Recommended Video

मंगलवार की शाम गन्ने के खेत में मिला अजगर
दरअसल गांव का रहने वाला एक व्यक्ति मंगलवार को सायं काल गांव में स्थित एक गन्ने के खेत में शौच करने के लिए गया था। गन्ने के खेत में गन्ने के पत्तों खर खराने की आवाज को सुनकर उसे लगा कि सियार या कोई अन्य जानवर है। वह जब नजदीक जाकर देखा तो हैरान रह गया। गन्ने के खेत से बाहर निकलने के बाद उसने गांव के लोगों को गन्ने की खेत में अजगर होने की सूचना दी। देखते ही देखते काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए उसके बाद वन विभाग को सूचना दिया गया। वन कर्मी मौके पर पहुंचे और अजगर के बच्चे को पकड़कर बोरे में भर दिए। उसके बाद वन कर्मी अजगर के बच्चे को जंगल में छोड़ने के लिए लेकर चले गए।
खेत की तरफ जाने से डर रहे ग्रामीण
गांव में बांध के समीप लगातार अजगर मिलने की घटना के बाद ग्रामीण अब खेत की तरफ जाने से भी डर रहे हैं। गांव के रहने वाले विनोद कुमार ने बताया कि वन कर्मियों द्वारा जब से यह बताया गया है कि अगल-बगल कहीं अजगर रहता है और पिछले दो माह में जो 3 छोटे-छोटे अजगर मिले हैं वे उसी के बच्चे हैं। इसकी जानकारी होने के बाद ग्रामीण और भी दहशत में आ चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अजगर किसी को भी निवाला बना सकता है। ऐसे में सुबह और शाम के समय कोई भी ग्रामीण बांध की तरफ नहीं जा रहा है। गांव के रहने वाले लोगों ने यह भी बताया कि अब बड़े अजगर की भी तलाश की जा रही है जिससे ग्रामीणों के अंदर का भय समाप्त हो सके।












Click it and Unblock the Notifications