यमुना एक्सप्रेस वे पर दर्दनाक हादसे में मशहूर सिंगर शिवानी भाटिया की मौत
Mathura news, मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे में घायल प्रसिद्ध गायिका शिवानी भाटिया की उपचार के दौरान मौत हो गई। शिवानी भाटिया एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सोमवार को पति निखिल भाटिया के साथ आई10 कार में नोएडा से आगरा आ रही थी। मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के समीप अज्ञात वाहन से टकराकर उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई।

कार के उड़े परखच्चे
हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। महुआ टीवी पर प्रसारित होने वाले सुरों का महासंग्राम की उपविजेता रह चुकी सीतामढ़ी बिहार निवासी शिवानी भाटिया दिल्ली एनसीआर की एक प्रोफेशनल सिंगर बन चुकी थी। उनके गाने और सुरीली आवाज का जादू लोगों को काफी पसंद था। उनके द्वारा गाए गए गीत और एल्बम बहुत ही पॉपुलर हैं।

प्रोग्राम के लिए जा रही थी शिवानी
एक प्रोग्राम करने के लिए मशहूर सिंगर शिवानी भाटिया अपने पति निखिल भाटिया निवासी पाम ओलंपिया ग्रेटर नोएडा के साथ सोमवार को अपनी आई10 कार से नोएडा से आगरा की ओर आ रही थी। थाना सुरीर क्षेत्र में माइलस्टोन 88 के समीप आगे चल रहे अज्ञात वाहन में टकरा जाने से कार के परखच्चे उड़ गए।

पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल
कार में सवार भाटिया दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर टोल चौकी प्रभारी शिववीर सिंह समेत पुलिस एवं एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत देख घायल शिवानी एवं निखिल भाटिया को उपचार के लिए नयति अस्पताल में भेज दिया गया।

नयति अस्पताल में शिवानी ने तोड़ा दम
अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात शिवानी भाटिया की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मंगलवार सुबह थाना सुरीर से उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने अस्पताल जाकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पंचनामा की कार्यवाही की।












Click it and Unblock the Notifications