मथुरा में हादसा: बिजली के खंभे से टकराने के बाद पिकअप ने दो महिलाओं और उनकी बेटियों को कुचला, 4 की मौत
Mathura accident news: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में गुरुवार की सुबह में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मथुरा में तेज रफ्तार की एक पिकअप गुरुवार सुबह विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद पिकअप में करंट उतरने लगा।
पिकअप पर बिहार के करीब दो दर्जन मजदूर बैठे थे। करंट लगने की सूचना मिलते ही मजदूर पिकअप से उतरकर भागने लगे। इस दौरान पिकअप चालक ने पिकअप को तेजी से पीछे कर दिया, जिससे दो महिलाएं और उनकी बेटियां दब गईं।

दबने के चलते दो महिलाओं और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई। इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करने जा रहे थे ईंट भट्ठा पर मजदूरी
दरअसल, बिहार के रहने वाले 25 मजदूरों को लेकर एक पिकअप चालक अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से मथुरा के कोसी में स्थित एक ईंट भट्ठा पर जा रहा था। पिकअप चालक पिकअप लेकर मथुरा जनपद के कोसीकला थाना क्षेत्र के शेरगढ़ रोड पर पहुंचा था।
इसी दौरान रफ्तार अधिक होने के चलते पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से टकरा गई। पिकअप विद्युत पोल से टकराने के बाद विद्युत पोल टूट गया और पिकअप में करंट उतरने लगी। इससे उसमें बैठे मजदूर भागने लगे।
कुछ मजदूर कूद कर भाग रहे थे। इसी दौरान पिकअप चालक पिकअप को तुरंत पीछे कर दिया। पीछे करने से बिहार के गया जिले के रहने वाली 30 वर्षीय कुंती देवी और कुंती देवी की 2 साल की बेटी तथा 35 वर्षीय गौरी देवी और गौरी देवी की बेटी कोमल की मौत हो गई। इसके अलावा करीब आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए।
पुलिस द्वारा बताया गया कि हादसे में मरने वाली महिलाओं और उनकी बेटियों की लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे में घायल होने वाले लोगों को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications