Mathura: पुलिस वैन से कूदकर भागने लगे 7 कैदी, लेकिन रास्ते में टकरा गए 2 जाबांज होमगार्ड्स, फिर...
उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है। यहां सोमवार सुबह पेशी के बाद कोर्ट से जेल ले जाए जा रहे कुछ कैदी पुलिस वैन से कूदकर भाग निकले। लेकिन कुछ ही दूरी पर ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात होमगार्ड्स की बहादुरी और फुर्ती से उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस ने शाम को फिर सभी को जेल भेज दिया। जिला कमांडेंट ने होमगार्ड्स को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।
पुलिस वैन से कूदकर भागे 7 कैदी
बता दें कि सोमवार सुबह चोरी और आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार 7 आरोपियों को जेल भेजने के लिए कोर्ट लाया गया था। पेशी के बाद इन सभी को फिंगर प्रिंट के लिए बंदी वाहन में पुलिस लाइन ले जाया जा रहा था। लेकिन पुलिस लाइन के पास जैसे ही वाहन की रफ़्तार कम हुई, आरोपी राहुल ने गाड़ी का दरवाजा खोला और कूदकर भागने लगा। उधर, गाड़ी में बैठे पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, इतने में अन्य 6 आरोपी भी एक-एक कर गाड़ी से कूदे और भागने लगे।

होमगार्ड की सतर्कता से धरे गए कैदी
लेकिन कैदियों की किस्मत शायद उनके साथ नहीं थी। क्योंकि इसी दौरान वहां होमगार्ड राजकुमार और कृष्ण ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने जब इन कैदियों को भागते देखा तो शोर मचाते हुए पीछे दौड़ पड़े। सबसे पहले उन्होंने आरोपी राहुल को धर लिया। इसके बाद लोगों की मदद से अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। बाद में सभी को पुलिस लाइन लाया गया और फिंगर प्रिंट की प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया।
होमगॉर्ड्स को किया जाएगा सम्मानित
एसपी देहात त्रिगुण बिषेन ने बताया कि होमगार्ड्स की सतर्कता से सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है। इसलिए होमगार्ड्स को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इन भागने का प्रयास करने वाले आरोपियों में नीफ निवासी देवसेरस, छोटू गोस्वामी निवासी हरदेव मंदिर गोवर्धन, सुभाष, राम और दिनेश निवासी इंद्रा कॉलोनी गोवर्धन, वरुण निवासी किशोरपुरा वृंदावन और राहुल निवासी भौंट भरतपुर शामिल थे। ये सभी चोरी और आर्म्स एक्ट में आरोपी है।












Click it and Unblock the Notifications