रहस्यमयी बुखार से मथुरा में अब तक 6 बच्चों की मौत, स्वास्थ्य विभान ने बांटी दवाई, लिए ब्लड सैंपल
मथुरा, 24 अगस्त: खबर उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से है। यहां मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर कोह गांव है, जहां रहस्यमयी बुखार से अब तक छह बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। वहीं, रहस्यमयी बुखार से छह बच्चों की हुई मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में डेरा डाल लिया है। बता दें कि स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को दवाएं बांटी। साथ ही, जांच के लिए लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं।

खबर के मुताबिक, कोह गांव के 40 प्रतिशत लोग बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि प्रत्येक घर में तीन-चार चारपाई बिछी हुई हैं। टिंकू (9), रुचि (14) व हनि (5) ने सोमवार को बीमारी के कारण दम तोड़ दिया। इससे पहले भी तीन बच्चे दम तोड़ चुके है। हालांकि, सोमवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई और बीमार बच्चों का इलाज करने में जुट गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बुखार आता है और बच्चों का बदन नीला पड़ जाता है। इलाज से पहले ही अगले 20-25 मिनट में दम तोड़ देते हैं।
स्वास्थ्य व पुलिस अधिकारियों ने घर-घर ग्रामीणों को बीमारी से बचने और मास्क लगाने को आगाह किया। एसडीएम ने गांव की सफाई के साथ-साथ सैनिटाइज भी कराया गया। इस कार्य में दर्जनों सफाईकर्मी जुटे रहे। डेंगू के साथ-साथ कोरोना की भी जांच कराई जा रही है। सीएमओ डॉ. रचना गुप्ता ने बताया कि ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज किया रहा है। ब्लड सैंपल की रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा कि क्या बीमारी है।
क्या कहा सीएमओ रचना गुप्ता ने...
कोंह गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर दवा का वितरण किया है। ब्लड सैंपल लिया है। कोरोना की भी जांच को भी सैंपल लिए गए हैं। जिनकी हालत गंभीर है, उनको सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का इलाज स्वास्थ्य टीम की निगरानी में चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications