मैनपुरी: नशे में धुत पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, हुआ फरार
मैनपुरी। यूपी के मैनपुरी में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारा पति मौके से फरार हो गया।

14 साल पहले हुई थी शादी
घटना मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम बुडर्रा की है। यहां रहने वाले शैलेंद्र सिंह यादव की शादी 14 साल साल पहले एटा की रहने वाली बबली से हुई थी। बबली गांव में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के रूप में कार्यरत थी। दोनों के चार बच्चे हैं। शैलेंद्र को शराब पीने की लत थी, जिसकी वजह से दोनों के बीच आए दिन नोकझोंक हुआ करती थी।

नशे में धुत घर पहुंचा शैलेंद्र
बुधवार को शैलेंद्र सिंह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। उसका पत्नी बबली से विवाद हो गया। शराब के नशे में धुत शैलेंद्र सिंह ने घर में रखे मुसल को उठा लिया। जब तक बबली कुछ समझ पाती शैलेंद्र ने उसके सिर में कई प्रहार किए, जिससे बबली की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद पति मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश जारी
बच्चों ने जब मां के शव को आंगन में खून से लथपथ पड़ा देखा तो चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता अनवर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसपी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि शराब के नशे में पति ने पत्नी की हत्या कर दी है। आरोपी पति फरार है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications