यूपी चुनाव : अखिलेश यादव ने सपा के गढ़ करहल से भरा नामांकन, कहा- ‘नॉमिनेशन’ एक ‘मिशन’ है
मैनपुरी, 31 जनवरी: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए करहल विधानसभा क्षेत्र से अपना नामंकन दाखिल करने मैनपुरी ज़िलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपना नामांकन पत्र भरा। इससे पहले उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ''ये 'नॉमिनेशन' एक 'मिशन' है क्योंकि यूपी का ये चुनाव प्रदेश और देश की अगली सदी का इतिहास लिखेगा! आइए प्रोग्रेसिव सोच के साथ सकारात्मक राजनीति के इस आंदोलन में हिस्सा लें... नकारात्मक राजनीति को हराएं भी, हटाएं भी!!''
Recommended Video

सपा का गढ़ है करहल सीट
अखिलेश यादव ने अपना नामांकन दाखिल करने के बाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव देश का चुनाव है, ऐतिहासिक परिवर्तन के साथ-साथ उत्तर प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर जाएगा। जो लोग लगातार नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं उनको यहां की जनता सबक सिखाने का काम करेगी। वहीं, उन्होंने नामांकन के बाद ट्वीट में कहा,'' नॉमिनेशन की प्रक्रिया पूर्ण हुई। मिशन 22 की ओर बढ़ता एक और कदम। बाइस में बाइसिकल!.' बता दें, करहल विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। तीन दशक से पार्टी का इस सीट पर कब्जा है। ऐसे में करहल सीट सपाई दबदबे के साथ जातीय समीकरण के लिहाज से भी अखिलेश यादव के लिए एकदम मुफीद है। यहां के कुल मतदाताओं के लगभग 38 फीसदी यादव हैं।
भाजपा ने करहल से एसपी सिंह बघेल को उतारा मैदान में
यूपी की राजनीति में करहल विधानसभा क्षेत्र अब जंग का मैदान बना रहेगा। दरअसल, मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से अखिलेश यादव के पर्चा दाखिल करने के कुछ देर बाद भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री और आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल ने भी नामांकन कर दिया है। भाजपा ने सपा प्रमुख को घेरने के लिए अपने सांसद पर दांव खेला है। दिलचस्प बात ये है कि बघेल देश के पूर्व रक्षा मंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा में तैनात रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications