Mahoba News: 'गोली चल जावेगी' गाने पर नाचते वक्त चली असली गोली, दो महिलाएं घायल, जांच में जुटी पुलिस
Mahoba News: यूपी के महोबा जनपद के अजनर थाना क्षेत्र में स्थित बिजौरी गांव में रविवार रात कुआं पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। देर रात करीब 12 बजे अचानक समारोह का माहौल तब बिगड़ गया जब एक युवक ने भीड़ के बीच फायरिंग कर दी।
दरअसल, कार्यक्रम में जब बहरूपिया कलाकार फिल्मी गीत पर नृत्य कर रहे थे, तभी "गोली चल जावेगी" गाने पर थिरकते वक्त एक युवक ने असली गोली चला दी। वहां मौजूद लोगों को यकीन ही नहीं हुआ कि जो हो रहा है, वह मजाक नहीं था।

बताया जा रहा है कि पड़ोसी अमित अहिरवार नामक युवक ने अपने पास मौजूद अवैध तमंचे से अचानक फायर कर दिया। गोली सीधे कल्लू अहिरवार की 21 वर्षीय पुत्री राधा और रामा नामक युवती को जा लगी, जिससे कार्यक्रम में भगदड़ मच गई।
इलाज के लिए किया गया छतरपुर रेफर
गोली लगने से दोनों युवतियों के पैर जख्मी हो गए। परिजनों ने तुरंत घायलों को पास के मध्यप्रदेश के नौगांव अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की सलाह पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्यक्रम पारंपरिक था और इसमें गांव भर के लोग शामिल हुए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि हर्ष फायरिंग जैसी लापरवाही इस कदर माहौल बिगाड़ सकती है। पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
वायरल वीडियो से पुलिस हरकत में
घटना के कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह भीड़ में युवक फायर करता है और फिर अफरातफरी मचती है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घायल युवती के पिता की तहरीर पर अजनर थाना पुलिस ने अमित अहिरवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कुलपहाड़ सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है और वैधानिक कार्यवाही जारी है।












Click it and Unblock the Notifications