महोबा: बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में बुधवार को चार साल का एक बच्चा 30 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम और जेसीबी के साथ ही डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंच गई है। मामला महोबा जिले में कुलपहाड़ क्षेत्र के बुधौरा गांव का है। किसान भागीरथ कुशवाहा का चार साल का इकलौता बेटा धनेंद्र 30 फिट गहरे बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। बता दें, बोरवेल का गड्ढा भागीरथ कुशवाहा ने ही खेत में सिंचाई के लिए जुलाई महीने खुदवाया था। इसके बाद उसे बंद नहीं कराया था। उसे एक पत्थर से ढक दिया था।

बुधौरा गांव में रहने वाले किसान भागीरथ कुशवाहा की पत्नी क्रांति देवी छोटी बेटी नित्या (3) के साथ सुबह अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए महोबा आई थीं। भागीरथ चार साल के बेटे धनेंद्र और छह साल की बेटी रेखा को साथ लेकर खेत में काम करने चला गया था। भागीरथ खेत में सिंचाई करने लगा। इसी दौरान दोनों बच्चे खेत में खेलने लगे। इसी दौरान धनेंद्र खेत में खुले पड़े बोरवेल के करीब 30 फिट गहरे गड्डे में जा गिरा।
बड़ी बहन रेखा ने पिता को धनेंद्र के बोरवेल में गिरने की जानकारी दी। भागीरश गड्ढे के पास पहुंचे तो धनेंद्र के रोने की आवाज आ रही थी। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। एसडीएम मोहम्मद उवैस, कुलपहाड़ थाना प्रभारी अनूप दुबे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और डॉक्टरों की टीम के साथ जेसीबी को बुलाया गया है। जेबीसी से गड्ढे के आसपास खुदाई का काम शुरू कराया गया। डॉक्टरों ने बच्चे की जान बचाने के लिए पाइप के सहारे ऑक्सीजन गड्ढे में पहुंचाया है।












Click it and Unblock the Notifications