'हिजाब वाली' ये पार्षद कौन हैं? शानदार जीत के बाद Video हुआ वायरल
Who is 'Hijab wali' councilor Sahar Shaikh: महाराष्ट्र निकाय चुनाव में इस बार ओवैसी की AIMIM पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। 29 सीटों पर AIMIM की जीत का श्रेय ओवैसी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की कड़ी मेहनत को दिया है। महाराष्ट्र में इस जीत के बाद ओवैसी की पार्टी की सबसे युवा नवनिर्वाचित पार्षद का वीडियो "हिजाब वाली पार्षद" के नाम से सोशल मीडिया पर छाया हुआ हैं। वीडियो में लोग जीत का जश्न मना रहे हैं और क्षेत्र की महिलाएं खुश होकर गले लगकर अपनी पार्षद को बधाई दे रही हैं। जानिए आखिर कौन हैं AIMIM के टिकट पर जीत हासिल करने वाली हिजाब वाली पार्षद?

कौन हैं ये हिजाब वाली पार्षद?
AIMIM की ये युवा नेता सहर शेख हैं। इन्होंने ठाणे महानगरपालिका के वार्ड नंबर 30 से शानदार जीत हासिल की है। याद रहे ठाणे महानगरपालिका की कुल 122 सीटों में से असदुद्दीन ओवैसी की पांच सीटों पर जीत दर्ज की है। जिसमें से सहर शेख की मुंब्रा सीट भी है।

AIMIM की सबसे कम उम्र की पार्षद बनीं मुम्ब्रा की शेरनी
मुंब्रा जो मुस्लिम बहुल्य इलाका है सहर शेख वहां की रहने वाली हैं। 22 वर्षीय सहर शेख ओवैसी की पार्टी की सबसे कम उम्र की उम्मीदवार थीं जिन्होंने चुनाव जीता है। चुनाव प्रचार हिजाब पहन कर किया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। लोग इन्हें अब "मुम्ब्रा की शेरनी और हिजाब वाली पार्षद कहकर संबोधित कर रहे हैं। मुम्ब्रा में पानी, स्कूल, टैरिफ जैसी समस्याओं को लेकर ये अपनी आवाज बुलंद करती आई हैं। चुनाव के दौरान भी घर-घर जाकर इन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और उनसे समस्याओं को जल्द से जल्द हल करने का वादा किया।
बता दें नवनिर्वाचित पार्षद सहर शेख सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं, जहां इंस्टाग्राम पर उनके 3 लाख 40 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। वो अपने वीडियो के जरिए भी अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाती रही हैं।
सहर शेख के पिता कौन हैं?
सहर शरद पवार गुट के नेता युनूस शेख की बेटी हैं। शरद पवार गुट से अपनी बेटी के लिए टिकट मांगा था, लेकिन बात नहीं बनी और बाद में एआईएमआईएम ने उन्हें मौका दिया। पिता युनूस शेख और खुद सहर के भाषणों के वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर छा गए हैं, जिन्होंने खूब ध्यान खींचा है।
पिता बोले- हिजाब वाली' बेटी को पूरे भारत में मशहूर कर दिया
सहर के पिता युनूस शेख और चव्हाड के बीच पुरानी राजनीतिक तकरार किसी से छिपी नहीं है। बेटी की जीत पर युनूस शेख ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अल्लाह ने उनकी 'हिजाब वाली' बेटी को पूरे भारत में मशहूर कर दिया है, जिससे प्रतिद्वंद्वियों को करारा जवाब मिला।
"किसी लड़की के मुस्तकबिल के साथ मत खेलना"
अपने भाषण में युनूस शेख ने जितेंद्र आव्हाड को सीधी चेतावनी देते हुए कहा, "अभी एक वॉर्निंग देता हूं। फ्यूचर में कभी किसी लड़की के मुस्तकबिल (भविष्य) के साथ मत खेलना। नहीं तो ये हमारी आवाम एक होकर कैसे विकेट गिराती है, देखा न? चाहे वो हिंदू हो, मुस्लिम हो, सिख हो या ईसाई हो, बेटी सबकी बेटी होती है।"
जीत के बाद क्या बोली सहर शेख?
जीत के बाद सहर शेख ने भी अपने संबोधन में विरोधियों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, "उन लोगों के घमंड की आपने धज्जियां उड़ा दी हैं जिनको लगता है कि हम ताल्लुक (पहचान) के मोहताज हैं। वो भूल गए कि हम सिर्फ अल्लाह के मोहताज हैं, किसी के बाप के मोहताज नहीं हैं।"
ठाणे महानगरपालिका चुनाव परिणाम 2026
चुनाव परिणामों में, एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने सर्वाधिक 75 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 28 सीटें मिलीं। अजित पवार की एनसीपी को 9 सीटें, शरद पवार गुट को 12 सीटें और उद्धव ठाकरे गुट को केवल एक सीट पर जीत हासिल हुई।












Click it and Unblock the Notifications