RSS के गढ़ में हारी BJP, कौन हैं अभिजीत वंजारी? जिन्होंने बैलेट पेपर वाले MLC चुनाव में बचाई कांग्रेस की इज्जत
महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) चुनावों के नतीजे सत्तारूढ़ महायुति के लिए बड़ा झटका साबित हुए हैं। महाराष्ट्र के नागपुर में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने बीजेपी को हराकर लगातार दूसरी बार स्नातक सीट अपने नाम की। नागपुर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का गढ़ माना जाता है। यह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह नगर भी है।
ऐसे में यहां बीजेपी की हार को बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। दूसरी तरफ, पांच सीटों के महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति को केवल दो सीटें मिलीं, जबकि महा विकास आघाड़ी (MVA) ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की। आखिर कौन हैं अभिजीत वंजारी, जिन्होंने बीजेपी के मजबूत गढ़ में कांग्रेस का झंडा बुलंद किया?

कौन हैं अभिजीत वंजारी? (Who Is Abhijit Vanjari)
अभिजीत गोविंदराव वंजारी पेशे से वकील और शिक्षाविद् हैं। उनका परिवार लंबे वक्त से राजनीति से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय गोविंदराव मारोतराव वंजारी दक्षिण नागपुर विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे थे।
- राजनैतिक बैकग्राउंड: अभिजीत राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके दिवंगत पिता गोविंदराव मारोतराव वंजारी दक्षिण नागपुर से दो बार विधायक रह चुके हैं।
- छात्र राजनीति से सफर: उन्होंने 1998 से 2002 तक महाराष्ट्र प्रदेश एनएसयूआई के महासचिव के रूप में काम किया। इसके बाद वे युवा कांग्रेस के सचिव और नागपुर जिला कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता भी रहे।
- शिक्षा और सामाजिक कार्य: अभिजीत अमर सेवा मंडल शिक्षण संस्था के सचिव हैं, जो विदर्भ में कई कॉलेज चलाती है। इसके अलावा वे गोविंद अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष भी हैं।
Nagpur MLC Election: दूसरी बार कैसे जीते अभिजीत वंजारी?
अभिजीत वंजारी ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। इससे पहले दिसंबर 2020 में उन्होंने महा विकास आघाड़ी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और 18 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।
नागपुर स्नातक सीट लंबे समय तक बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। ऐसे में वंजारी की जीत सिर्फ एक सीट हासिल करने तक सीमित नहीं है। इससे कांग्रेस को उस क्षेत्र में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दिखाने का मौका मिला है, जहां संघ का मुख्यालय भी है।
हालांकि वंजारी का राजनीतिक सफर हमेशा जीत से भरा नहीं रहा। उन्होंने 2005 में दक्षिण नागपुर विधानसभा उपचुनाव और 2014 में पूर्व नागपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। दोनों बार उन्हें हार मिली। इसके बावजूद उन्होंने संगठन और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी।
शिक्षा और समाजसेवा में भी सक्रिय
राजनीति के अलावा अभिजीत वंजारी शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हैं। वह नागपुर की अमर सेवा मंडल शिक्षण संस्था के सचिव हैं। यह संस्था विदर्भ क्षेत्र में इंजीनियरिंग, फार्मेसी, कानून, मैनेजमेंट और कला-विज्ञान से जुड़े कॉलेज चलाती है। वह गोविंद अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष भी हैं। गोविंदराव वंजारी फाउंडेशन के जरिए स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान अभियान, पौधरोपण और युवाओं के विकास से जुड़े कार्यक्रम चलाए जाते हैं।
Maharashtra MLC Results: किस सीट पर किसने दर्ज की जीत?
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव में महायुति को दो और महा विकास आघाड़ी को तीन सीटें मिलीं। बीजेपी और शिवसेना ने एक-एक सीट जीती, जबकि एमवीए के घटक दलों ने बाकी तीन सीटों पर कब्जा किया।
- - अमरावती शिक्षक सीट: शिवसेना के किरण सरनाईक जीते।
- - पुणे शिक्षक सीट: बीजेपी के कौस्तुभ गावडे ने जीत हासिल की।
- - पुणे स्नातक सीट: एनसीपी (शरद पवार गुट) की हर्षदा देशमुख-जाधव ने बीजेपी की स्मिता जाधव को हराया।
- - छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट: एनसीपी (शरद पवार गुट) के डॉ। प्रतापसिंह पाटिल ने एनसीपी के मौजूदा एमएलसी सतीश चव्हाण और शिवसेना (यूबीटी) के दिलीप घुगे को शिकस्त दी।
- - नागपुर स्नातक सीट: कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के सुधाकर कोहले को हराया।
इन पांच निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल मतदान 72।96 प्रतिशत दर्ज किया गया। निवर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर को खत्म हो रहा है।
MLC Election Results: यूपी, बिहार और कर्नाटक में क्या रहा नतीजा?
चार राज्यों की विधान परिषद की 28 सीटों के चुनाव में बीजेपी और उसके एनडीए सहयोगियों ने कुल 16 सीटें जीतीं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की, जिनमें वाराणसी की दो सीटें शामिल हैं। कांग्रेस को केवल एक सीट मिली, जबकि बिहार में दो निर्दलीय उम्मीदवार जीते। बिहार में जन सुराज पार्टी ने भी अपना खाता खोला।
कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। पार्टी चारों सीटें हार गई। बीजेपी ने तीन सीटें जीतीं, जबकि जनता दल (सेक्युलर) को एक सीट मिली।
इन नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। 28 अक्टूबर को सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने बैलेट पेपर से मतदान होने के बावजूद कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज कसा। उन्होंने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 सीटों का जिक्र करते हुए पूछा कि कांग्रेस को कितनी सीटें मिलीं। हालांकि, महाराष्ट्र में अभिजीत वंजारी की जीत कांग्रेस के लिए राहत बनकर सामने आई।


Click it and Unblock the Notifications
