West Bengal News:15 से 20 सीटों पर लड़ेगी RPI,ममता बनर्जी की चोट पर क्या बोले रामदास अठावले
मुंबई/कोलकाता: एनडीए की सदस्य और केंद्र में भाजपा सरकार की सहयोगी रिपबल्किन पार्टी ऑफ इंडिया पश्चिम बंगाल में 15 से 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी के चीफ और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने आज इसका ऐलान किया है। उन्होंने यह भी अनुमान जताया हैकि चुनाव के बाद इसबार वहां भाजपा की सरकार बनेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले के बारे में उन्होंने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि इसमें किसी तरह की राजनीति है। उन्होंने कहा है कि जब उनपर पहले कभी हमला नहीं किया गया तो कोई अभी ऐसा कैसे कर सकता है।

मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई राजनीति है-अठावले
केंद्रीय मंत्री और आरपीआई नेता रामदास अठावले ने कहा है कि ममता बनर्जी के साथ जो घटना हुई है उसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा है, 'मुझे नहीं पता कि ममता बनर्जी पर किसने हमला किया या क्या योजना थी। इसकी जांच होनी चाहिए। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई राजनीति है। उनपर अभी तक कभी हमला नहीं हुआ था, तो अब कोई ऐसा कैसे कर सकता है।'
15 से 20 सीटों पर लड़ेगी आरपीआई-अठावले
इस बीच उन्होंने अपनी सहयोगी पार्टी भाजपा की बंगाल में जीत की संभावना जताई है। उनके मुताबिक, 'अगर पश्चिम बंगाल की हालात देखते हैं तो मुझे लगता है कि बीजेपी सत्ता में आएगी। ममता बनर्जी 10 साल से सत्ता में हैं और अब लोग बदलाव चाहते हैं। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया वहां 15 से 20 सीटों पर लड़ेगी और वहां पर बीजेपी का समर्थन करेगी।'
बता दें कि अठावले ने आज मुंबई के जेजे अस्पताल में कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लेने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी ये प्रतिक्रिया दी है। इस मौके पर उनकी पत्नी सीमा अठावले को भी वैक्सीन की पहले डोज लगाई गई है। बता दें कि बंगाल विधानसभा चुनाव में इसबार बीजेपी सत्ताधारी टीएमसी की मुख्य चैलेंजर बनकर मैदान में है। राज्य में 27 मार्च से 8 चरणों में वोटिंग शुरू होने वाली है। चुनाव के परिणाम 2 मई को सामने आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications