'सरकार की नजर वक्फ की जमीन पर', उद्धव ठाकरे ने बताया इसके बाद किसे बनाएंगे निशाना
Waqf Bill 2025: वक्फ संशोधन विधेयक 02 अप्रैल की देर रात लोकसभा में पारित हो गया। इस विधेयक को आज यानी गुरुवार 03 अप्रैल को राज्यसभा में पेश किया गया है, जिसपर चर्चा जारी है। इस बीच वक्फ विधेयक पर शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार पर वक्फ बोर्ड की जमीनों को हड़पने का आरोप लगाया है।
पीटीआई की खबर के मुताबिक, उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने दावा किया है कि केंद्र सरकार की नजर वक्फ बोर्डों की जमीन पर है। वक्फ की जमीन के बाद केंद्र की नजर मंदिरों, चर्चों और गुरुद्वारों की जमीन पर भी पड़ सकती है। यह विधेयक सिर्फ जमीन के लिए लाया गया है। हमने इस दिखावे का विरोध किया है।

उद्धव ठाकरे की यह प्रतिक्रिया लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने के बाद आई है। उन्होंने आगे कहा, 'उनकी पार्टी वक्फ संशोधन विधेयक पर भाजपा के कपटपूर्ण रुख और 'वक्फ की जमीन छीनकर अपने उद्योगपति मित्रों को देने की उसकी चाल' का विरोध करती है।' उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस विधेयक का विरोध करती है।
ठाकरे ने आगे कहा कि उन्होंने वक्फ बोर्ड बिल को धमाकेदार तरीके से पेश किया है। यह एक संयोग है कि किरण रिजिजू ने यह बिल पेश किया है। खबर के मुताबिक, ठाकरे ने कहा कि मुझे नहीं पता कि भाजपा क्या करती है? वे कब कहते हैं कि वे औरंगजेब की कब्र खोदेंगे और उनके लोग कुदाल और फावड़े लेकर जाते हैं और फिर कहते हैं,'ओह, मिट्टी वापस डाल दो।'
ठाकरे ने पूछा कि यदि वक्फ विधेयक मुस्लिम समुदाय की बेहतरी के लिए है, तो इसे लाकर किसने हिंदुत्व को त्याग दिया है। उन्होंने आगे कहा कि वक्फ (संशोधन) विधेयक का हिंदुत्व से क्या संबंध है? इससे हिंदुओं को क्या लाभ होगा? कहा कि भाजपा ने केंद्र में तीसरी बार जीत हासिल की है और चीजें अच्छी चल रही हैं, फिर भी वह हिंदू-मुस्लिम मुद्दों को उठा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भगवा पार्टी की नीति विभाजन पैदा करना, झगड़े कराना और राज करना है। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने यह भी कहा कि अगर भाजपा को मुसलमान नापसंद हैं तो उसे अपने पार्टी झंडे से हरा रंग हटा देना चाहिए। इस बीच ठाकरे द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करने पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और शिवसेना के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे का बयान भी सामने आया है।
उन्होंने कहा कि विधेयक का विरोध करके ठाकरे ने कांग्रेस से हाथ मिलाने से भी बड़ा 'अपराध' किया है। शिंदे ने ठाकरे पर विधेयक का समर्थन न करके हिंदुत्व के सिद्धांतों को त्यागने का आरोप लगाया। भाजपा और शिंदे के गुट ने इस मुद्दे पर ठाकरे के समूह को घेरने की कोशिश की है।
ये भी पढ़ें: Waqf Bill: वक्फ संशोधन बिल के कानून बनते ही ये 5 बड़े बदलाव कर सकते हैं, वक्फ बोर्ड को सबसे ज्यादा परेशान!












Click it and Unblock the Notifications