Maharashtra: ठाणे के स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, 38 बच्चें अस्पताल में किए गए भर्ती
Maharashtra News: महाराष्ट्र के ठाणे शहर के पास एक निजी स्कूल में डरा देने वाली घटना सामने आई है। स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। सभी बच्चों को पेट दर्द और उल्टी के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
स्कूल में जिन बच्चों की तबीयत खाना खाने के बाद खराब हुई उनकी उम्र आठ से 11 साल के बीच की है। इन बच्चों को स्कूल में दोपहर का भोजन खाना खाने के बाद चक्कर आना, जी मिचलाना, सिर दर्द और पेट दर्द जैसे लक्षण बताए। इसके चलते उन्हें तुरंत इलाज के लिए कलवा शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लक्षणों को संभावित फूड प्वाजनिंग कारण बताया है, इस मामले की तत्काल जांच शुरू हो चुकी है।

अस्पताल में हो रहा बच्चों का इलाज
कलवा अस्पताल के डीन अनिरुद्ध मालगांवकर ने पेट दर्द और उल्टी से पीडि़त 38 बच्चों के एडमिट होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया "प्राथमिक जानकारी यह थी कि 24 छात्रों को पेट दर्द हो रहा था। हमने तुरंत एम्बुलेंस भेजी। कुल 38 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है... भोजन का संदेह है..." उन्होंने कहा अस्पताल में बच्चों की सेहत की निगरानी 24 घंटे की जा रही है।
जांच के लिए टीम ने कलेक्ट किया खाने का सैंपल
खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों ने छात्रों को दिए जाने वाले भोजन के नमूने एकत्र करके गहन जांच की है। यह कदम बीमारियों के सटीक कारण का पता लगाने के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रारंभिक रिपोर्ट में भोजन के बासी होने की संभावना पर चिंता जताई गई है। जांच का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को उजागर करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।
बच्चों ने क्या खाया था?
यह घटना तब हुई जब बच्चों ने स्कूल के मध्याह्न भोजन कार्यक्रम के तहत चावल और मोठ की सब्जी से बना भोजन खाया। भोजन के प्रतिकूल प्रभाव के कारण स्कूल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और प्रभावित छात्रों के लिए चिकित्सा सहायता मांगी।












Click it and Unblock the Notifications