INDIA गठबंधन का संयोजक किसी को क्यों नहीं बनाया गया? उद्धव ठाकरे ने किया खुलासा
India Meet in Mumbai: विपक्षी गठबंधन INDIA की मुंबई में आयोजित दो दिवसीय बैठक शुक्रवार को संपन्न हो चुकी है। पटना और बेंगलुरू के बाद मुंबई में इंडिया एलायंस की ये तीसरी बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक से पहले माना जा रहा था कि आज INDIA गठबंधन के संयोजक के नाम का ऐलान हो जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।वहीं शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुंबई मीटिंग के बाद इंडिया गठबंधन के संयोजक (Convener) क्यों नहीं नियुक्त किया गया इसको लेकर खुलासा किया है।

ठाकरे ने कहा फिलहाल तो हमारे इंडिया गठबंधन को संयोजक की कोई खास जरूरत नहीं है। इसके साथ उन्होंने बताया कि हमने आपसी सहमति से 14 सदस्यों की एक कोऑर्डिनेशन कमेटी गठित की है।
उद्धव ने बताया कि INDIA गठबंधन की ये कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य गठबंधन से जुड़े मुद्दों पर फैसले लेंगे और अपने-अपने राजनीतिक दल के नेताओं को उससे वाकिफ करवाएंगे।
संसद के विशेष सत्र पर ठाकरे ने दी ये प्रतिक्रिया
इसके साथ ही केंद्र सरकार द्वारा संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि ये निराशाजनक है कि उन्होंने गणेश चतुर्थी के दौरान संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इसके साथ ही ठाकरे ने कहा भगवान गणेश को 'विघ्नहर्ता' के रूप में भी जाना जाता है और अगर देश की समस्याएं हल हो गईं तो हमें खुशी होगी।"
केंद्र सरकार ने बुलाया है संसद का विशेष सत्र
बता दें गुरुवार को जब विपक्षी इंडिया एलायंस मुंबई में 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मुकाबला करने की रणनीति तैयार करने के लिए एकत्र हुआ था तभी केंद्र सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र करने की घोषणा कर दी।
वन नेशन वन इलेक्शन पर केंद्र ने गठित की कमेटी
वहीं दूसरे दिन आज यानी शुक्रवार को मोदी सरकार ने वन नेशन वन इलेक्शन के लिए पूर्व राष्ट्रपति की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित कर दी। इस कमेटी के गठबंधन के बाद माना जा रहा है कि संसद के विशेष सत्र में मोदी सरकार वन नेशन वन इलेक्शन पर कानून ला सकती है।
'वन नेशन वन इलेक्शन' ने बढ़ाई INDIA गठबंधन की चिंता
बता दें पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और 2024 में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों में भाजपा को परास्त करने के लिए देश की 28 विपक्षी पार्टियां एकजुट हुई हैं। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा वन नेशन वन इलेक्शन को अमली जामा पहनाने की कवायद ने विपक्षी गठबंधन की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि विपक्षी पार्टियां शुरूआज से इसका विरोध कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications