Train Accident Jalgaon: क्या थी वो अफवाह, जिसने पुष्पक एक्सप्रेस के 12 यात्रियों की बीच सफर में ले ली जान
Pushpak Express Train Accident in Jalgaon, Maharashtra: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार को हुए भीषण ट्रेन हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा परधाड़े रेलवे स्टेशन पर हुआ, जब पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई। घटना के दौरान यात्रियों ने चलती ट्रेन से पटरी पर कूदना शुरू कर दिया। इसी बीच, दूसरे ट्रैक से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने पटरी पर खड़े कई यात्रियों को कुचल दिया।
हादसे की वजह: अफवाह और शार्प टर्न
रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस के ब्रेक लगने पर पहियों से धुआं निकलने लगा। इसे देखकर यात्रियों को लगा कि ट्रेन में आग लग गई है। इस अफवाह से घबराए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और पटरी पर उतर गए। वहीं, इसी समय दूसरे ट्रैक से तेज गति से आ रही कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ने पटरी पर मौजूद लोगों को कुचल दिया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना स्थल पर ट्रैक पर शार्प टर्न होने की वजह से यात्रियों को दूसरी ट्रेन के आने का अनुमान नहीं लगा। हादसे के बाद रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन एक्सीडेंट जलगांव महाराष्ट्र
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल हुए यात्रियों में से 5 की हालत गंभीर है। उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे का बयान: रेलवे ने पुष्पक एक्सप्रेस के कोच और ब्रेकिंग सिस्टम की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में ट्रेन के अंदर ही रहें। इस घटना ने रेलवे में आपातकालीन प्रबंधन और सुरक्षा उपायों को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता को उजागर किया है।












Click it and Unblock the Notifications