अजित पवार गुट की NCP का बड़ा ऐलान, सुनेत्रा पवार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की उम्मीदवार तय
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में नेतृत्व को लेकर एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेने की खबर सामने आ रही है। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार तय किया है। इसे अजित पवार के बाद पार्टी की विरासत और कमान को मजबूती देने की दिशा में सबसे अहम कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज मुंबई के वर्ली स्थित NSCI डोम में आयोजित की गई है। इस बैठक का मुख्य एजेंडा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित करना है।

गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए एक दुखद विमान हादसे में अजित पवार के असामयिक निधन के बाद से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद खाली पड़ा था। इस रिक्तता को भरने और संगठन को स्थिरता देने के लिए प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे दिग्गज नेताओं ने सुनेत्रा पवार के नाम का पुरजोर समर्थन किया है।
सुनेत्रा पवार ने हाल ही में उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है, जिसके चलते उन्हें अपनी राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ा। अब उनकी खाली हुई राज्यसभा सीट पर उनके बेटे पार्थ पवार को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया गया है। चूंकि सुनेत्रा पवार वर्तमान में विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं, इसलिए नियमानुसार उन्हें अगले छह महीने के भीतर सदस्यता लेनी अनिवार्य है।
अजित पवार के निधन से खाली हुई बारामती विधानसभा सीट पर अब उपचुनाव की आहट तेज हो गई है। पार्टी की योजना है कि इस सीट से खुद सुनेत्रा पवार चुनाव लड़ें। खास बात यह है कि महायुति गठबंधन के सहयोगी दलों ने भी उनके नाम का समर्थन किया है। यहाँ तक कि शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने भी संकेत दिए हैं कि अजित पवार के प्रति सम्मान और राजनीतिक परंपरा को देखते हुए यह चुनाव निर्विरोध होना चाहिए।
आज की इस संगठनात्मक बैठक से न केवल नेतृत्व परिवर्तन पर मुहर लगेगी, बल्कि आगामी उपचुनावों और पार्टी की भविष्य की रणनीति का रोडमैप भी स्पष्ट हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications