फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंची 'घड़ी' की लड़ाई, शरद पवार ने नई याचिका लगाकर की ये मांग, 15 को होगी सुनवाई
NCP vs NCP News: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले चुनाव चिन्ह 'घड़ी' की लड़ाई एक बार फिर से सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। एनसीपी के दिग्गज नेता और पार्टी के संस्थापक शरद पवार ने सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दाखिल की है। याचिका में शरद पवार की तरफ से मांग की गई है कि महाराष्ट्र चुनाव में 'घड़ी' चुनाव चिन्ह का इस्तेमाल करने पर रोक लगाई जाए।
दरअसल, शरद पवार ने सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि अजित पवार को आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रतिष्ठित "घड़ी" चुनाव चिन्ह का इस्तेमाल करने से रोका जाए। साथ ही, कहा कि घड़ी चुनाव चिन्ह से मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मतदाताओं को इस भ्रम की स्थिति से बचने के लिए अजित पवार को नए चुनाव चिन्ह के लिए आवेदन करना चाहिए। याचिका में चुनावी प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता और स्पष्टता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया गया है। याचिका में कहा कि शरद पवार का 'घड़ी' चुनाव चिन्ह से संबंध 25 सालों का है।
साथ ही, याचिका में ऐसा दावा किया गया है कि अजीत पवार को इस चिन्ह का उपयोग करने की अनुमति देने से मतदाता गुमराह हो सकते हैं और चुनावों की निष्पक्षता बाधित हो सकती है। कहा गया कि लोकसभा चुनावों के दौरान अजित पवार गुट ने 'घड़ी' सिंबल पर चुनाव लड़ा था, जिससे मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।
उन्हें यह समझने में कठिनाई हुई कि असली NCP कौन है। शरद पवार गुट का कहना है कि जब तक सिंबल मामले पर चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ उनकी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट फैसला नहीं देता, तब तक अजित पवार गुट को नया सिंबल अलॉट किया जाना चाहिए। इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 15 अक्टूबर को सुनवाई करेगा।












Click it and Unblock the Notifications