Maharashtra: 'मैंने अजित को अपना नेता नहीं माना, यह सब मीडिया की गलती', अब शरद पवार ने दी सफाई
Sharad Pawar on Ajit Pawar: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार कब क्या बोल जाएं यह कहना मुश्किल है। हर बार शरद पवार अपनी सियासी चाल से सामने वाले को सोचने पर मजबूर कर देते हैं। दरअसल, कल मीडिया में यह बात सामने आई थी कि शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले ने अजित पवार को अपना नेता मान लिया था और पार्टी में किसी तरह से टूट होने से इनकार किया था। लेकिन मामले पर विवाद बढ़ने के बाद शरद पवार अब खुद सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा है।
क्या कहा शरद पवार ने सफाई में
दरअसल, सुप्रिया सुले के 'अजित पवार हमारे नेता हैं' वाले बयान पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार को सफाई देनी ही पड़ी। उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं कह रहा हूं कि अजित पवार हमारे नेता हैं। ऐसा सुप्रिया सुले ने कहा था। वे भाई-बहन की तरह हैं और उन्हें ढूंढने की जरूरत नहीं है। इसके पीछे राजनीतिक मायने हैं। मैंने यह नहीं कहा कि अजित पवार हमारे नेता हैं। यह आपकी (मीडिया की) गलती है। उन्होंने जिस तरह का रुख अपनाया है, उसे देखते हुए वह हमारे नेता नहीं हैं।

क्या कहा था शरद पवार ने
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक कल शरद पवार ने कहा था कि किसी पार्टी में फूट कैसे पड़ती है? ऐसा तब होता है जब राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ा समूह पार्टी से अलग हो जाता है। लेकिन आज एनसीपी में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। हां, कुछ नेताओं ने अलग रुख अपनाया लेकिन इसे फूट नहीं कहा जा सकता। वे लोकतंत्र में ऐसा कर सकते हैं। शुक्रवार (25 अगस्त) को बारामती में शरद पवार ने कहा था कि इसमें कोई मतभेद नहीं है कि अजित पवार हमारे नेता हैं, एनसीपी में कोई टूट नहीं है।
बीते महीने अजित पवार ने की थी बगावत
बता दें कि बीते जुलाई महीने में अजित पवार के नेतृत्व में एनसीपी में बड़ी बगावत हुई थी, जब पार्टी का एक गुट महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की सरकार में शामिल हो गया था। अजित पवार समेत पार्टी के 9 विधायक शिंदे कैबिनेट का हिस्सा बन गए थे। अजित पवार को उपमुख्यमंत्री का पद मिला था।












Click it and Unblock the Notifications