महाराष्ट्र: ' संभाजीनगर में सरकार प्रायोजित दंगा, हमारी रैली को रोकने की साजिश', संजय राउत के गंभीर आरोप
Sanjay Raut on Sambhajinagar Riots: महाराष्ट्र के संभाजीनगर में दंगा के बाद सियासत तेज हो गई है। उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। कहा कि यह सरकार प्रायोजित दंगा है।

उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के संभाजी नगर हुए दंगे को लेकर शिंदे सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है क्योंकि यहां सरकार, पुलिस, गृह मंत्री का अस्तित्व ही नहीं है। कहां हैं CM व गृहमंत्री? संभाजीनगर में जानबूझकर दंगा करवाया गया क्योंकि 2 अप्रैल को वहां महाविकास अघाड़ी की एक रैली है। यह सरकार प्रायोजित दंगा है।
जानें क्या है मामला?
गुरुवार, 30 मार्च की सुबह छत्रपति संभाजीनगर के किराडपुरा इलाके में दो समूहों के बीच झड़प होने के बाद हिंसा का रूप ले लिया। इस घटना में 20 पुलिसवाले घायल बताए जा रहे हैं साथ ही कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। बताया जा रहा है कि झड़प तब शुरू हो गई जब एक समुदाय की तरफ से अपमानजनक नारेबाजी होने लगी। जैसे-जैसे झड़पें बढ़ीं, भीड़ ने पथराव किया और पुलिस के वाहनों सहित कई वाहनों को आग लगा दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। झड़पें शहर के प्रमुख राम मंदिरों में से एक के पास हुईं, जिसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
500 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज
इस घटना में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है और 500 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र के औरंगाबाद शहर में एक राम मंदिर के पास झड़प के बाद पुलिस कर्मियों पर भीड़ के हमले में घायल होने के कुछ घंटों बाद, एक 51 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मुंबई के मलाड में भी हिंसा
वहीं मुंबई के मलाड के मालवानी इलाके में रामनवमी की घटना के दौरान हुई पथराव में चार कांस्टेबल मामूली रूप से घायल हो गए। मलाड के मालवानी इलाके में 'रामनवमी' शोभा यात्रा के दौरान कल दो समूहों के बीच झड़प के बाद 20 लोगों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने कहा कि इलाके में माहौल खराब करने के आरोप में 300 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications