'पीएम मोदी-अमित शाह से करूंगा मुलाकात', शरद पवार से मिलने के बाद बोले संजय राउत
जेल से रिहा होने के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) गुरुवार को एनसीपी चीफ शरद पवार से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान दोनों में महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात समेत कई विषयों पर चर्चा हुई। हालांकि जेल से बाहर निकलने के बाद राउत के तेवर बदले-बदले नजर आ रहे हैं। गुरुवार सुबह उन्होंने डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की तारीफ की, तो वहीं अब उन्होंने संकेत दिए हैं कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।

मीडिया से बात करते हुए राउत ने कहा कि मैं 2-4 दिनों में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर जनकल्याण से संबंधित परियोजनाओं पर चर्चा करूंगा। इसके अलावा दिल्ली भी जाऊंगा और पीएम मोदी-केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलूंगा। वहीं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर उन्होंने कहा कि ये देश में कड़वाहट खत्म करने का आंदोलन है। ये बीजेपी के खिलाफ नहीं है। यात्रा का उद्देश्य देशभर के लोगों को एक साथ लाना है। ऐसे में बीजेपी को भी इसका स्वागत करना चाहिए।
वहीं शिंदे गुट की बगावत पर उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में एक नई सरकार बनी और मैं उनके कुछ अच्छे फैसलों का स्वागत करता हूं। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कुछ अच्छे फैसले लिए हैं। उनका मानना है कि राज्य वास्तव में डिप्टी सीएम द्वारा चलाया जा रहा, सीएम द्वारा नहीं।
उद्धव ठाकरे ने कही ये बात
वहीं संजय राउत से मुलाकात के बाद उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम अपने साथी को पाकर खुश हैं। वो ना केवल पार्टी के नेता या सांसद हैं, बल्कि मेरे खास दोस्त भी हैं। उनकी वापसी से हमारी पार्टी मजबूत होगी। ठाकरे के मुताबिक राउत के हाव-भाव में कोई बदलाव नहीं आया है, वो पहले की तरह स्पष्टवादी और आक्रामक हैं।












Click it and Unblock the Notifications