"बॉलीवुड वालों डरना मना है", सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद फडणवीस सरकार के मंत्री का आया बड़ा बयान
Saif Ali Khan attack: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हुए जानलेवा हमले का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। सैफ अली के घर में घुसकर अज्ञात शख्स द्वारा किए गए हमले के बाद मुंबई की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले को लेकर महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार विपक्ष के निशाने पर आ चुकी है।
विपक्षी दल जहां एक ओर फडणवीस सरकार को बिगड़ी कानून-व्यवस्था के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं वहीं नेताओं का कहना है कि जब मुंबई में हाई-प्रोफाइल एक्टर ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की स्थिति क्या होगी? विपक्षी पार्टियों के हमले के बीच महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता आशीष शेलार ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए करारा जवाब दिया है।

बता दें आशीष शेलार बांद्रा विधानसभा सीट से विधायक हैं। जहां पर सैफ अली खान, शाहरुख खान, सलमान खान समेत बॉलीवुड की अन्य दिग्गज हस्तियों का घर है। आशीष शेलार ने गुरुवार को लीलावती अस्पताल में जाकर सैफ अली खान का हाल भी जाना था।
आशीष शेलान ने बांद्रा को लेकर किया ये दावा
आशीष शेलार ने कहा सैफ अली खान के साथ जो घर पर घटना घटी वो बहुत खतरनाक है, मुंबई में पहले ऐसी घटना नहीं हुई। इसके साथ ही उन्होंने कह मुंबई दुनिया में सबसे सुरक्षित है। बांद्रा आज भी सेफ है और कल भी रहेगा।
बॉलीवुड वालों डरना...
वहीं विपक्षियों के आरोपों पर आशीष शेलार ने कहा आपको डरने की कोई जरूरत नहीं है। "बॉलीवुड वालों डरना मना है, आपके साथ सरकार है।" उन्होंने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि ये इतना संवेदनशील मुद्दा है इस पर राजनीति करना शर्मनाक है।
सैफ अली खान पर किसने किया ये हमला?
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर 16 जनवरी की रात दो बजे घर में घुसे चोर ने हमला किया। अज्ञात हमलावर ने सैफ पर छह बार धारदार चाकू से हमला किया। जिसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर उनकी जान बचाने के लिए डॉक्टरों को सर्जरी करनी पड़ी। हालांकि डॉक्टरों के अनुसार सैफ अली अब खतरे से बाहर हैं।












Click it and Unblock the Notifications