महाराष्ट्र में पुणे समेत इन 7 जिलों ने सरकार की बढ़ाई हुई है चिंता, सामने आ रहे हैं सबसे अधिक संक्रमित मरीज
मुंबई, अगस्त 19। महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति अभी कुछ ज्यादा ठीक नहीं है। बुधवार को राज्य में कोरोना के 5132 नए मरीज सामने आए और 185 मरीजों की मौत हुई। राज्य में पुणे समेत 7 जिले ऐसे हैं, जहां कोरोना के मामले बल्क में सामने आ रहे हैं। वहीं आधा दर्जन जिलों में कोरोना के एक्टिव केस 10 से भी कम हैं।
Recommended Video

इन जिलों में कोरोना के सबसे अधिक मामले
महाराष्ट्र के जिन 7 जिलों में सबसे अधिक कोरोना के केस हैं, उनमें सतारा, सांगली, अहमदनगर, पुणे, उस्मानाबाद, सोलापुर और सिंधुदुर्ग का नाम शामिल है। यही जिले राज्य में सबसे अधिक मामलों की वजह बने हुए हैं। बुधवार को ये जानकारी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दी। आपको बता दें कि महाराष्ट्र देश का सबसे अधिक कोरोना से प्रभावित होने वाला राज्य है।
नंदुरबार जिले में नहीं है एक भी एक्टिव केस
महाराष्ट्र सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि नंदुरबार जिला राज्य का इकलौता ऐसा जिला है, जहां कोरोना का एक भी एक्टिव केस नहीं है। इसके अलावा 6 जिलों में 10 से कम कोरोना केस और 8 जिलों में 100 से कम मरीज हैं। धुले, वाशिम, यवतमाल, भंडारा, वर्धा और गोंदिया जिलों में कोरोना के दस से कम एक्टिव केस हैं। वहीं परभणी, हिंगोली, नांदेड़, अमरावती, अकोला, बुलडाना, चंद्रपुर और गढ़चिरौली जैसे जिलों में संक्रमण के 100 से कम सक्रिय मामले हैं।
महाराष्ट्र में वैक्सीनेशन की स्थिति
महाराष्ट्र में कोरोना की साप्ताहिक सकारात्मकता दर 2.44 प्रतिशत थी। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में रत्नागिरी और कोल्हापुर जिलों में कोरोना वायरस की वृद्धि दर चिंताजनक दिख रही थी, लेकिन अब यह 2.44 प्रतिशत से भी नीचे आ गई है। टीकाकरण पर टिप्पणी करते हुए अधिकारी ने कहा, "कम से कम 5.07 करोड़ लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक प्राप्त की है। 45 से ऊपर की 50 प्रतिशत से अधिक आबादी को कम से कम एक खुराक के साथ टीका लगाया गया है। वहीं 18-44 आयु वर्ग के लिए टीकाकरण प्रतिशत 25 था, जबकि महाराष्ट्र में अब तक 1.33 करोड़ लोगों का पूर्ण टीकाकरण किया जा चुका है, जो राष्ट्रीय स्तर पर एक रिकॉर्ड है।












Click it and Unblock the Notifications