Mumbai Metro: फरवरी में पीएम मोदी करेंगे मेट्रो की 2 और लाइन का उद्घाटन, डेढ़ घंटे का सफर होगा 40 मिनट में
Mumbai Metro: मुंबई के पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री 17 से 19 फरवरी के बीच मुंबई मेट्रो की लाइन 2B (अंधेरी-मंडाले) और लाइन 9 (दहिसर-काशीगांव) के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के लाखों यात्रियों को तेज, सुगम और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
मुंबई मेट्रो के इन दो रूट के उद्घाटन की प्रतीक्षा काफी समय से की जा रही थी। बीएमसी चुनाव की वजह से आचार संहिता लागू थी और इसलिए उद्घाटन कार्यों पर रोक थी। इन दोनों रूट से यात्रियों को मुख्य शहर के अलावा उपनगरीय इलाकों तक परिवहन का आसान और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

Metro Line 2B: अंधेरी से मंडाले का सफर 40 मिनट में
मेट्रो लाइन 2B लगभग 23.6 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो अंधेरी (डीएन नगर) से पूर्वी उपनगरों के रास्ते मंडाले (मानखुर्द के पास) तक जाएगी। इस रूट पर करीब 20 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें अंधेरी, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), चेंबूर और मानखुर्द जैसे प्रमुख इंटरचेंज शामिल हैं। पहले चरण में कुछ महत्वपूर्ण स्टेशनों के बीच परिचालन शुरू होगा, जिससे बीकेसी और पूर्वी उपनगरों तक कनेक्टिविटी मजबूत होगी। अनुमान है कि इस लाइन के चालू होने से अंधेरी से मानखुर्द के बीच यात्रा समय 90 मिनट से घटकर लगभग 40-45 मिनट रह जाएगा।
Mumbai Metro 9: दहिसर से काशीगांव का सफर 30 मिनट में
मेट्रो लाइन 9, लाइन 7 का विस्तार है और यह दहिसर ईस्ट से मीरा-भायंदर क्षेत्र के काशीगांव तक लगभग 13.5 किलोमीटर लंबी होगी। इस कॉरिडोर पर करीब 8 स्टेशन होंगे। पहले चरण में दहिसर से काशीमीरा/काशीगांव तक संचालन शुरू होने की संभावना है। इससे पश्चिमी उपनगरों से मीरा-भायंदर आने-जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा। अभी सड़क मार्ग से यह दूरी तय करने में पीक ऑवर में 60-75 मिनट तक लगते हैं, जो मेट्रो के बाद घटकर 25-30 मिनट रह सकता है।
Mumbai Metro: ट्रैफिक का भारी दबाव होगा कम
इन दोनों लाइनों के शुरू होने से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, लिंक रोड, एलबीएस मार्ग और ईस्टर्न फ्रीवे पर ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है। अनुमान है कि लाखों दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी। मुंबई मेट्रो का यह विस्तार शहर की रफ्तार को नई दिशा देगा और पूर्वी उपनगरों को पहली बार सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications