शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे का दावा, हमारे पास हैं 46 विधायक, अभी BJP से नहीं आया कोई ऑफर
मुंबई, जून 22। महाराष्ट्र में चल रही सियासी उथल-पुथल के बीच कल से ही यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि शिवसेना से बागी हुए राज्य के कैबिनेट मंत्री एकनाथ शिंदे आने वाले दिनों में भाजपा के साथ जा सकते हैं। शिंदे ने मंगलवार को उद्धव ठाकरे को यह अल्टीमेटम भी दिया था कि अगर शिवसेना और बीजेपी का गठबंधन नहीं होता है तो पार्टी में टूट पक्का होगी। ऐसे में शिंदे का बीजेपी के लिए सॉफ्ट रूख उद्धव ठाकरे की नींद उड़ा रहा है। हालांकि शिंदे ने फिलहाल बीजेपी के साथ जाने की अटकलों को सिरे से खारिज किया है।

शिंदे के पास है 46 विधायकों का समर्थन
न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि उनके पास कुल 46 विधायकों का समर्थन है। इसमें 6-7 निर्दलीय विधायक भी हैं। शिंदे ने दावा किया है कि अभी शिवसेना के और भी विधायक हमारे पाले में आएंगे। ANI से बातचीत में शिंदे ने बताया है कि अभी तक हमें न तो भाजपा से कोई प्रस्ताव मिला है और ना ही हम किसी से कोई बातचीत कर रहे हैं। यहां तक कि बागी विधायक सीएम उद्धव ठाकरे से भी बात नहीं कर रहे हैं।
एकनाथ शिंदे ने कहा है, 'जहां तक मौजूदा राजनीतिक स्थिति का सवाल है, मैं कहूंगा कि हम बालासाहेब ठाकरे के शिव सैनिक हैं और शिव सैनिक बने रहेंगे। अभी तक हम शिवसेना या मुख्यमंत्री के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेरे नेतृत्व में ही 40 से अधिक विधायक आज सुबह ही सूरत से गुवाहटी आए हैं। बताया जा रहा है कि शिंदे महाराष्ट्र विकास अघाड़ी की सरकार को गिराने के लिए बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। एकनाथ शिंदे ने शिवसेना पार्टी पर भी दावा ठोक दिया है।












Click it and Unblock the Notifications