Maharashtra: कांग्रेस के लिए मुंबई से आई फिर बुरी खबर, नौ पूर्व पार्षद बीजेपी में होंगे शामिल
Mumbai News: महाराष्ट्र में लगातार कांग्रेस को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। मिलिंद देवड़ा के बाद मुंबई में बड़े मुस्लिम चेहरे बाबा सिद्दीकी ने पार्टी छोड़ दी। हालांकि मिलिंद देवड़ा एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए है, दूसरी तरफ बाबा सिद्दीकी के अजित पवार वाली एनसीपी में जाने की चर्चा है।
इस बीच खबरों की मानें तो मुंबई के लगभग नौ पूर्व कांग्रेस पार्षद सोमवार को मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होंगे।

यह घटनाक्रम तब हुआ है जब एनडीए लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले मुंबई में कुछ कांग्रेस नेताओं को अपने पाले में करने की कोशिश में जुटा हुआ है।
मिलिंज देवड़ा और बाबा सिद्दीकी का कांग्रेस पार्टी को झटका यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण चुनावों से पहले मुंबई पर एनडीए के फोकस का संकेत देता है। 2019 के लोकसभा चुनावों में मुंबई की सभी सीटें एनडीए ने जीतीं, जिसमें अविभाजित शिवसेना और भाजपा शामिल थी।
इंडिया टुडे के मूड ऑफ द नेशन के एक सर्वे से पता चला है कि विपक्षी इंडिया गुट, जिसमें कांग्रेस, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल है, आगामी लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में बढ़त बनाए हुए है।
ओपिनियन पोल में MVA को 26 सीटें
ओपिनियन पोल में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) को 26 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। दूसरी ओर, अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो भाजपा और उसके एनडीए सहयोगियों को राज्य की कुल 48 लोकसभा सीटों में से 22 सीटें जीतने का अनुमान है।
सर्वे में इंडिया गुट को बढ़त
कांग्रेस को महाराष्ट्र में 12 सीटें जीतने का अनुमान है, जबकि उसके सहयोगियों को संयुक्त रूप से 14 सीटें जीतने की संभावना है। मूड ऑफ द नेशन पोल में इंडिया ब्लॉक को 45 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया गया है, जबकि एनडीए को 40 फीसदी वोट मिलने की संभावना है।
देवड़ा-सिद्दीकी कांग्रेस से आउट
जनवरी में पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया, जिससे उनके परिवार का पार्टी के साथ 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया। वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। गुरुवार को पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने भी करीब पांच दशक पुराने साथ रहने के बाद कांग्रेस छोड़ दी। मुंबई के अहम चेहरे सिद्दीकी (65) ने कांग्रेस के हालात पर नाराजगी जताई।












Click it and Unblock the Notifications