'भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल को गंभीरता से लिया जा रहा, एक दिन करेंगे देश का नेतृत्व', शरद पवार का दावा
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का एक मंच पर आना नामुमकिन है। यह बात एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार ने बुधवार को साफ कर दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के साथ हाथ मिलाने का कोई सवाल ही नहीं है। भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी को लोग गंभीरता से ले रहे हैं। वह एक दिन देश का नेतृत्व करेंगे।
एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में अजित पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी के बागियों का जिक्र करते हुए शरद पवार ने कहा कि जो लोग बीजेपी के साथ गए हैं, उनका एनसीपी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने जांच एजेंसियों के खतरे के कारण पाला बदला है।

'दिल्ली की 7 में से 3 सीटें कांग्रेस के पाले में'
पवार ने आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी पर कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई से 'इंडिया' गुट और मजबूत होगा। पवार ने यह भी कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में उनसे कहा था कि आप दिल्ली की 7 में से 3 सीटें कांग्रेस को देने के लिए तैयार है। इतना ही नहीं, उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस पुनर्जीवित होगी।
लोकसभा चुनाव में 50 प्रतिशत सीटें मिलेगी!
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद महा विकास अघाड़ी (एमवीए) निश्चित रूप से महाराष्ट्र में सरकार बनाएगी। शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी वाले एमवीए के वास्तुकार माने जाने वाले पवार ने कहा कि उन्होंने राज्य में निर्वाचन क्षेत्र-वार विश्लेषण किया है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से, हम महाराष्ट्र में सरकार बनाएंगे। पिछले लोकसभा चुनावों में, हमें यहां केवल चार सीटें मिली थीं। लेकिन, इस बार मुझे आश्चर्य नहीं होगा, अगर हमें कम से कम 50 प्रतिशत सीटें मिलें।












Click it and Unblock the Notifications