CM फडणवीस ने नागपुर हिंसा को बताया सुनियोजित हमला ! कहा राज्य में शांति बनाए रखें
Nagpur News: नागपुर हिंसा को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर हिंसा को सुनियोजित हमला बताया है। उन्होंने कहा है कि कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। जबकि विपक्ष के अन्य नेताओं के भी इसपर कड़ी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि 300 सालों के इतिहास में नागपुर में कभी दंगा नहीं हुआ।
नागपुर हिंसा एक सुनियोजित हमला: सीएम फडणवीस
इस मामले में सीएम देंवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बयान दिया। उन्होंने कहा कि नागपुर हिंसा के बारे में झूठी अफवाह फैलाई गई। सीएम फडणवीस ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 11:30 बजे VHP और बजरंग दल ने प्रदर्शन किया था। उस दौरान घास की प्रतीकात्मक कब्र जलाई गई थी। दोपहर में पुलिस ने इस पर मामला भी दर्ज किया था। लेकिन इसके बाद शाम को एक अफवाह फैलाई गई कि जो पुतला जलाया गया, उसमे धार्मिक लिखावट का कुछ जलाया गया है। उन्होंने महाराष्ट्र में शांति बनाए रखने की अपील की।

छावा फिल्म ने संभाजी महाराज का इतिहास सामने लाया
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि छावा फिल्म ने संभाजी महाराज का इतिहास सामने लाया जिसने औरंगजेब के खिलाफ लोगों के गुस्से को भड़का दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने भी दंगा करने का प्रयत्न किया तो उसकी जाति-धर्म न देखते हुए कार्रवाई होगी। पुलिस पर किया गया हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में 33 पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं, एक डीसीपी पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया है। एक ट्रॉली भरकर पत्थर मिलें हैं। पुलिस ने हथियार भी जब्त किए हैं, जिससे यह एक तरह का सुनियोजित हमला दिखाई देता है।
पुलिस पर किए हमले को बर्दाशत नहीं किया जाएगा: CM
सीएम फडणवीस ने कहा कि इस हिंसा में 12 दोपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हिंसा की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक क्रेन और दो जेसीबी समेत चार पहिया वाहनों को जलाया गया। इसके अलावा, कुछ लोगों पर तलवार से भी हमला किया गया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पुलिस पर किए हमले को बिल्कुल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मैं छावा फिल्म को दोष नहीं देता हूं, लेकिन जिस तरह से फिल्म में छत्रपति शंभाजी का शौर्य बताया गया और औरंगजेब कितना क्रूर था, दिखाया गया है। उसने औरंगजेब के प्रति लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया।
300 साल के इतिहास में नागपुर में कभी दंगा नहीं हुआ: पवन खेड़ा
वहीं कांग्रेस नेता पवन खेडा ने बीते सोमवार को बयान देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृहक्षेत्र में दंगा भड़का। नागपुर 300 साल पुराना शहर है। और इस 300 साल के इतिहास में नागपुर में कभी दंगा नहीं हुआ। आखिर ऐसी स्थिती क्यों बनाई गई? आज केंद्र और राज्य दोनो जगह बीजेपी की सरकार है। ये जो खेल खेला जा रहा है 300 वर्ष के पुराने इतिहास को मुद्दा बनाया जा रहा है। जनता को इस से बचने और शांति बनाए रखने की आवश्यकता है।












Click it and Unblock the Notifications