महा विकास अघाड़ी के महाराष्ट्र बंद को BJP ने बताया 'प्रायोजित', फडणवीस बोले- पुलिस का हो रहा है दुरुपयोग
मुंबई, अक्टूबर 11। महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी गठबंधन (MVA) के द्वारा बुलाए गए बंद को बीजेपी ने 'प्रायोजित बंद' करार दिया है। दरअसल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि इस बंद का राज्य के व्यापारियों और कारोबारियों ने विरोध किया था, लेकिन उन्हें धमकी देकर इस बंद में शामिल कराया गया है, इसलिए ये बंद पूरी तरह से 'प्रायोजित' है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रशासन की मदद से इस बंद को लागू कराया गया है, सत्ताधारी गठबंधन कहीं ना कहीं पुलिस का दुरुपयोग कर रहा है।

लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर MVA का बंद
आपको बता दें कि लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी गठबंधन ने आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया था, जिसका असर राज्य में देखने को भी मिला है। महा विकास अघाड़ी गठबंधन में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस शामिल है। बंद के दौरान राज्य में कई जगहों से हिंसा की खबरें सामने आई हैं। मुंबई में BEST की 8 बसों में तोड़फोड़ की गई है। इसके अलावा कई दुकानों को जबरदस्ती भी बंद कराया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरा
देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र सरकार को 'धोखेबाज' बताते हुए कहा कि अगस्त 2011 में पुणे के मावल में विरोध कर रहे किसानों पर पुलिस फायरिंग की घटना को याद कीजिए, उस घटना में किसानों को बर्बरता से मारा गया था। उस वक्त भी महाराष्ट्र में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सरकार की थी। वहीं देवेंद्र फडणवीस ने राजस्थान के हनुमानगढ़ में किसानों पर हाल ही में हुए पुलिस लाठीचार्ज का भी जिक्र किया। आपको बता दें कि राजस्थान में इस वक्त कांग्रेस की सरकार है।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ये सरकार किसान विरोधी है और किसानों को इस बात का एहसास हो गया है। पूर्व सीएम ने सत्तारूढ़ सरकार से पश्चिमी राज्य के मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों में हालिया मंदी के कारण आर्थिक रूप से पीड़ित किसानों को पहले राहत देने का भी आह्वान किया।












Click it and Unblock the Notifications