Mumbai Weather: मुंबई में गरबा पर बारिश का कहर, कैसा रहेगा दशहरें में मौसम? IMD ने जारी किया अपडेट
Mumbai Weather: महाराष्ट्र में पिछले एक सप्ताह से हो रही मूसलाधार बारिश ने खासकर नवरात्रि उत्सव को प्रभावित किया, जिससे गरबा प्रेमियों में निराशा थी। लगातार बारिश के बाद, मौसम विभाग ने मानसून की वापसी के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। अब, कम दबाव का क्षेत्र गुजरात की ओर बढ़ने के साथ ही 2 अक्टूबर के बाद बारिश में कमी आने की उम्मीद है।
हालांकि मुंबई, ठाणे और मुंबई उपनगरों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में मध्यम बारिश की संभावना है। पुणे, रायगढ़, सातारा, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, पालघर, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, जालना और परभणी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां मध्यम से भारी बारिश की आशंका है।

मुंबई में दशहरें में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो तीन तक बारिश का जोर कम रहेगा। 1 और 3 अक्टूबर तक कोंकण के कुछ हिस्सों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में बारिश में भारी कमी देखी जाएगी। इन तीन दिनों में मुंबई, ठाणे और उपनगरों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होगी।

सितंबर महीने में टूटा बारिश का रिकॉर्ड
बता दें हाल के हफ्तों में भारी बारिश के कारण, मुंबई में इस महीने पहले ही 606 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे यह 2021 के बाद से शहर का दूसरा सबसे अधिक बारिश वाला सितंबर बन गया है। सप्ताहांत में मूसलाधार बारिश के बाद, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा मंगलवार से शहर में कोई अलर्ट जारी नहीं करने के साथ ही बारिश धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।

मराठवाड़ा में बारिश ने मचाई तबाही
मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। हालांकि, अगले तीन दिन इस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि 3 अक्टूबर तक यहां बारिश का जोर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने मराठवाड़ा के विभिन्न जिलों के लिए अलर्ट जारी किए हैं।
मराठवाड़ा में कुल 96.60 मिमी बारिश
पिछले दो दिनों में मराठवाड़ा में कुल 96.60 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान, 330 मंडलों में अत्यधिक बारिश हुई, जिसके परिणामस्वरूप 7 लोगों और 283 जानवरों की मौत हो गई। इसके अतिरिक्त, 1272 घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
30 सितंबर को नांदेड़ जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था। 1 अक्टूबर को हिंगोली और नांदेड़ जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। 2 अक्टूबर को परभणी, हिंगोली, नांदेड़ और लातूर जिलों के लिए येलो अलर्ट है, जबकि 3 अक्टूबर को परभणी, हिंगोली, नांदेड़, बीड और लातूर जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications