Mumbai-Solapur flight service: मुंबई से सोलापुर के लिए शुरू हो रही फ्लाइट सर्विस, CM फडणवीस ने बताई तारीख
Mumbai-Solapur flight service: महाराष्ट्र के सोलापुर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी वाली खबर सामने आई है। मुंबई और सोलापुर के बीच सीधी फ्लाइट सर्विस जल्द ही शुरू होने वाली है, जिससे दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी और ये पहल यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाएगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में शनिवार शाम बड़ा अपडेट दिया है। सीएम ने बताया मुंबई से सोलापुर के लिए हवाई सेवा की शुरुआत 15 अक्टूबर 2025 से होगी। इस कदम से न केवल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि यात्रियों के समय की भी बचत होगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सोलापुर के लिए खुशखबरी! 15 अक्टूबर 2025 से मुंबई-सोलापुर हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। इससे सोलापुर, मुंबई और अन्य शहरों से और भी बेहतर तरीके से जुड़ जाएगा, जिससे यात्रा में पहले से कहीं ज्यादा गति, सुविधा और सुरक्षा मिलेगी।"

इस नई उड़ान सेवा के उद्घाटन के बाद, आम यात्रियों के लिए बुकिंग 20 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही, सोलापुर से बेंगलुरु के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी। इस तरह सोलापुर के लोगों को दो प्रमुख राज्यों की राजधानियों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। यह सुविधा व्यापारियों, पर्यटकों, छात्रों और अन्य सभी वर्गों के लोगों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद साबित होगी, जिससे क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इससे पहले, मुख्यमंत्री फडणवीस ने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत मुंबई और ठाणे के बीच समुद्र के नीचे 4.8 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।
फडणवीस ने इसे इंजीनियरिंग कौशल का प्रतीक बताया और कहा कि यह विश्व स्तरीय परियोजना भविष्य में दोनों राज्यों के प्रमुख शहरों की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "समयबद्ध क्रियान्वयन की दिशा में यह मील का पत्थर ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस अद्वितीय सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन को हार्दिक धन्यवाद एवं अभिनंदन।"












Click it and Unblock the Notifications