चूहे के लिए टमाटर में जहर लगाकर रखा, टीवी के चक्कर में महिला ने उसे मैगी में डालकर खाया
मुंबई, 30 जुलाई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कुछ दिनों पहले एक महिला ने मैगी खाई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वैसे तो सभी को लग रहा था कि मैगी में कुछ गड़बड़ है, लेकिन बाद में पता चला कि महिला ने उसमें जो टमाटर डाला था, वो जहरीला था। इस वजह से उसकी हालत खराब हो गई।

पति-देवर गए थे बाहर
ये मामला मुंबई के मलाड इलाके का है। वहां पर 35 साल की रेखा निषाद अपने पति और देवर के साथ रहती थीं। 20 जुलाई को दोनों किसी काम से बाहर गए थे और रेखा घर में अकेले थीं। वो टीवी देख ही रही थीं कि उनका मन मैगी खाने का हुआ। उनके घर में चूहों का काफी आतंक है, इस वजह से रैट किलर (चूहों का जहर) एक टमाटर में लगाकर रखा गया था, ताकि चूहों का सफाया किया जा सके।

एक हफ्ते बाद मौत
रेखा टीवी देखने में इतना ज्यादा व्यस्त थीं कि उन्होंने जहर वाले टमाटर पर ध्यान ही नहीं दिया और उसे काटकर मैगी बना ली। इसके बाद वो उसे आराम से बैठकर खाने लगीं। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ती चली गई। आनन-फानन में पति और देवर ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पर एक हफ्ते तक उनका इलाज चला, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

पुलिस ने कही ये बात
मामले में मलवानी पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर शेखर भालेराव ने कहा कि घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। जब महिला अस्पताल में भर्ती थी तो उसका बयान भी दर्ज किया गया। जिसमें महिला ने बताया कि घर में चूहे मारने के लिए टमाटर में जहर लगाकर रखा गया था। गलती से उन्होंने वही टमाटर काटकर मैगी में डाला, इसके बाद उसे खा लिया। जब उनकी हालत बिगड़ी तो उनको इस बात का एहसास हुआ, लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications