Mumbai Local Train: हादसे के बाद सीएम फडणवीस ने पीक ऑवर्स में लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का किया वादा
Mumbai Local Train: 9 जून की सुबह मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास दुखद घटना हुई। लोकल ट्रेन से गिरकर चार यात्रियों की मौत हो गई है। इन चार यात्रियों की मौत अत्यधिक भीड़ से भरी ट्रेन में गेट पर लटक कर सफर करने के चलते हुई है। वहीं इस दुर्घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को बड़ा वादा किया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने एक मीडिया बातचीत में पीक आवर्स के दौरान लोकल ट्रेन की क्षमता को बढ़ाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि रेलवे मंत्री ने इस बात पर जोर दिया है कि चूंकि इन ट्रेनों में दरवाजे नहीं हैं, इसलिए दुर्घटना की संभावना अधिक है। इसलिए, वह इस तरह की ट्रेनों में दरवाजे लगाने के लिए काम करेंगे। वेंटिलेशन का भी ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही सीएम ने कहा मुंबई उपनगरीय क्षेत्र में एसी ट्रेनें लाने के प्रयास जारी हैं।

सीएम फडणवीस ने कहा, "पिछले 11 वर्षों में, पीएम मोदी की सरकार ने मुंबई के उपनगरीय क्षेत्र में यात्री सुविधाओं, सड़कों को चौड़ा करने, एस्केलेटर और पीने के पानी की सुविधाओं में बड़ी राशि का निवेश किया है। हालांकि, यह सच है कि पीक ऑवर्स के दौरान, हमारी कैरिंग कैपेसिटी कम है। इसलिए, हमें इसे मजबूत करने की जरूरत है। हम इस पर काम करेंगे।"
नए डिजाइन वाली नॉन-एसी ट्रेनें
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, विस्तृत चर्चा के बाद, यह निर्णय लिया गया कि नई नॉन-एसी ट्रेनों को डिजाइन और निर्मित किया जाएगा, जहां वेंटिलेशन के मुख्य मुद्दे को तीन डिजाइन परिवर्तनों का उपयोग करके हल किया जाएगा - पहला, दरवाजों में लौवर होंगे।
दूसरा, कोचों में छत पर लगे वेंटिलेशन यूनिट होंगे जो ताजी हवा पंप करेंगे। और तीसरा, कोचों में वेस्टिबुल होंगे ताकि यात्री एक कोच से दूसरे कोच में जा सकें और भीड़ को स्वाभाविक तरीके से संतुलित कर सकें। फडणवीस ने आगे कहा, "इस नए डिजाइन की पहली ट्रेन नवंबर 2025 तक तैयार हो जाएगी। आवश्यक टेस्ट और प्रमाणन के बाद, इसे जनवरी 2026 तक सेवा में लगा दिया जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications