Mumbai CNG Price Hike: मुंबई में सीएनजी के बढ़ा दिए गए दाम, क्‍या बढ़ जाएगा टैक्‍सी-ऑटो और बस का किराया?

Mumbai CNG Price Hike: देश में बढ़ते ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के असर अब सीधे आम आदमी की जेब पर दिखने लगे हैं। मुंबई महानगरीय क्षेत्र (MMR) में महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। नई दर के बाद अब मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और रायगढ़ में सीएनजी ₹84 प्रति किलो मिलेगी। नई कीमतें आज आधी रात से लागू होंगी।

कंपनी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऊपर से रुपये की कमजोरी और पश्चिम एशिया युद्ध के कारण सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे हालात में गैस खरीदना महंगा पड़ रहा है, जिसका असर अब सीधे ग्राहकों तक पहुंच रहा है।

Mumbai CNG Price Hike

पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG-PNG भी महंगी

अमेरिका-इजरायल-ईरान तनाव ने दुनिया भर के ऊर्जा बाजार को हिला दिया है। वैश्विक स्तर पर गैस और तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। भारत सरकार फिलहाल घरेलू जरूरतों के लिए एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी की सप्लाई को प्राथमिकता दे रही है, लेकिन कंपनियों पर लागत का दबाव इतना बढ़ गया है कि अब कीमतें बढ़ाना मजबूरी बनती जा रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हाल ही में लोगों से ईंधन की खपत कम करने की अपील कर चुके हैं ताकि आयात का बोझ कम हो सके। ऐसे समय में सीएनजी महंगी होने से टैक्सी, ऑटो और निजी वाहन चलाने वालों की चिंता बढ़ गई है।

दिल्ली से लेकर यूपी तक पहले ही महंगी हो चुकी है CNG

हालांकि मुंबई में नई बढ़ोतरी के बाद भी कुछ उत्तरी शहरों में सीएनजी इससे ज्यादा महंगी बिक रही है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने फिलहाल अपनी दरों में बदलाव नहीं किया है, लेकिन अलग-अलग शहरों में कीमतें पहले से ऊंचे स्तर पर हैं।

दिल्ली में सीएनजी ₹77.09 प्रति किलो है, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में ₹85.70 प्रति किलो तक पहुंच चुकी है। कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर जैसे शहरों में तो सीएनजी ₹88.42 प्रति किलो बिक रही है। वहीं झांसी में अडानी टोटल गैस की सीएनजी दर ₹96.08 प्रति किलो तक पहुंच गई है।

सीएनजी के दाम बढ़ने से टैक्‍सी-ऑटो की कमाई होगी प्रभावित

सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर मुंबई में टैक्सी और ऑटो चालकों की कमाई पर पड़ सकता है, क्योंकि इनका बड़ा हिस्सा सीएनजी पर ही चलता है। मुंबई में अब सीएनजी ₹84 प्रति किलो हो जाने से रोजाना सैकड़ों किलोमीटर चलने वाले टैक्सी ड्राइवरों का ईंधन खर्च बढ़ेगा। आमतौर पर जब ईंधन महंगा होता है तो टैक्सी यूनियनें किराया बढ़ाने की मांग तेज कर देती हैं।

क्‍या बढ़ जाएगा टैक्‍सी-ऑटो का किराया?

हालांकि किराए में बदलाव तुरंत नहीं होता, क्योंकि इसके लिए राज्य परिवहन विभाग और आरटीए (Regional Transport Authority) की मंजूरी जरूरी होती है। फिलहाल ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी से तुरंत किराया बढ़ना तय नहीं माना जा रहा, लेकिन अगर आने वाले महीनों में सीएनजी के दाम लगातार बढ़ते रहे तो मुंबई में टैक्सी और ऑटो किराए बढ़ाने का दबाव जरूर बन सकता है। इसका असर रोज ऑफिस आने-जाने वाले लाखों यात्रियों की जेब पर पड़ेगा और शहर में महंगाई का बोझ और बढ़ सकता है।

क्या अब दूसरी कंपनियां भी बढ़ाएंगी दाम?

बाजार की नजर अब IGL और अडानी टोटल गैस जैसी कंपनियों पर टिकी है। माना जा रहा है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द नहीं सुधरे तो मई में दूसरी कंपनियां भी सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं।

कोटक इंस्टिट्यूशनल इक्विटीज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम एशिया संकट का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। इससे चालू खाता घाटा, महंगाई और सरकारी वित्तीय स्थिति पर दबाव बढ़ सकता है।

आम आदमी की मुश्किलें बढ़ीं

सीएनजी को हमेशा पेट्रोल-डीजल के मुकाबले सस्ता और राहत देने वाला ईंधन माना जाता था। लेकिन अब लगातार बढ़ती कीमतों ने मिडिल क्लास और रोज कमाने-खाने वाले लोगों का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। ऑटो-टैक्सी किराए बढ़ने की आशंका भी बढ़ गई है, जिसका असर सीधे यात्रियों पर पड़ेगा।

महंगाई पहले से ही रसोई से लेकर रोजमर्रा के खर्च तक लोगों को परेशान कर रही है। ऐसे में सीएनजी महंगी होने से ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ेगा और इसका असर सामानों की कीमतों पर भी दिख सकता है।

शेयर बाजार में MGL को फायदा

सीएनजी कीमत बढ़ाने के बीच शेयर बाजार में महानगर गैस लिमिटेड के शेयर में तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर करीब 2% बढ़कर ₹1064.10 पर कारोबार करता दिखा। ब्रोकरेज फर्म Axis Securities ने भी कंपनी के शेयर पर 'BUY' की सलाह दी है और ₹1325 का टारगेट दिया है।

विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी आने वाले समय में मार्जिन से ज्यादा वॉल्यूम ग्रोथ पर फोकस करेगी और घरेलू व कमर्शियल PNG से अच्छी कमाई की उम्मीद है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+