Israel Hamas war: हमास के 80 कमरों वाले 'सीक्रेट बंकर' का अंत! इजरायल ने 16 KM लंबी सुरंग में भर दिया सीमेंट
Israel Hamas war: इजरायल ने हमास के खिलाफ अपनी बड़ी कार्रवाई में गाजा के राफा इलाके में बनी 16 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड सुरंग को पूरी तरह सील कर दिया है। इस मिशन को पूरा करने में इजरायली सेना को करीब तीन महीने लगे। सेना के मुताबिक, यह सुरंग हमास के बड़े कमांड सेंटर के तौर पर इस्तेमाल होती थी, जहां से आतंकी हमलों की योजना बनाई जाती थी।
सुरंग में करीब 80 कमरे बने थे और यह कई रिहायशी इमारतों, मस्जिदों, स्कूलों और एक क्लीनिक के नीचे से गुजरती थी। इसी सुरंग में इजरायली सैनिक हदर गोल्डिन के अवशेष भी रखे गए थे।

तीन महीने चला बड़ा ऑपरेशन
इजरायली सेना (IDF) ने बताया कि तीन महीने पहले राफा के फिलाडेल्फिया कॉरिडोर के पास इस सुरंग का प्रवेश द्वार मिला था। इसके बाद इंजीनियरिंग टीम ने पूरे इलाके में अभियान शुरू किया। सुरंग को हमेशा के लिए बंद करने के लिए 30 हजार क्यूबिक मीटर से ज्यादा कंक्रीट डाला गया। इस ऑपरेशन में गाजा डिवीजन, सदर्न कमांड और याहलोम कॉम्बैट इंजीनियर यूनिट ने मिलकर काम किया। सेना का कहना है कि इससे हमास के बड़े अंडरग्राउंड नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचा है।
ये भी पढ़ें: US Iran Deal: अब ईरान नहीं, अमेरिका का नया दुश्मन बना इजराइल! वो 5 कारण, क्यों ट्रंप-नेतन्याहू के बीच आई दरार?
जमीन के नीचे बना था हमास का ठिकाना
सेना के मुताबिक, यह सिर्फ एक सुरंग नहीं बल्कि पूरा अंडरग्राउंड कॉम्प्लेक्स था। इसमें करीब 80 कमरे बने हुए थे, जहां हमास के लड़ाके रहते और मीटिंग करते थे। यहीं से हमलों की योजना बनाई जाती थी और आतंकियों को निर्देश दिए जाते थे। बताया गया कि हमास की राफा ब्रिगेड का कमांडर भी इसी जगह का इस्तेमाल करता था। यह सुरंग संगठन के कमांड और कंट्रोल सेंटर के रूप में काम कर रही थी।
स्कूल, मस्जिद और क्लीनिक के नीचे से गुजरती थी सुरंग
इजरायली सेना का दावा है कि यह सुरंग रिहायशी इलाकों के अलावा मस्जिदों, किंडरगार्टन, स्कूल, क्लीनिक और UNRWA के एक क्लीनिक के नीचे से होकर गुजरती थी। सेना का आरोप है कि हमास आम लोगों के बीच अपने ठिकाने बनाता है ताकि सैन्य कार्रवाई मुश्किल हो जाए। हालांकि, हमास पहले भी इन आरोपों से इनकार करता रहा है। गाजा में ऐसे सुरंग नेटवर्क को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ है।
बेहद मजबूत होती हैं हमास की सुरंगें
हमास की सुरंगों को दुनिया के सबसे मजबूत अंडरग्राउंड नेटवर्क में गिना जाता है। ये सुरंगें 20 से 80 मीटर तक जमीन के नीचे बनाई जाती हैं। इनकी दीवारें और छतें मजबूत कंक्रीट से तैयार की जाती हैं, जिससे ये भारी बमबारी और विस्फोट का भी सामना कर सकती हैं। कई सुरंगों में बिजली, हवा आने-जाने की व्यवस्था और जरूरी सामान रखने की सुविधा भी होती है। यही वजह है कि इन्हें खत्म करना आसान नहीं होता।
ये भी पढे़ं: India Vs Turkiye: भारत-इजरायल-फ्रांस की तिकड़ी से घबराया तुर्किये, धमकी देने पर उतरे एर्दोगन, क्या है वजह?
कौन थे हदर गोल्डिन?
हदर गोल्डिन इजरायली सेना के अधिकारी थे, जो 1 अगस्त 2014 को ऑपरेशन प्रोटेक्टिव एज के दौरान गाजा में लड़ाई के समय मारे गए थे। इसके बाद हमास उनके अवशेष अपने साथ ले गया था। इजरायल लंबे समय से उनकी वापसी की मांग कर रहा था। आखिरकार नवंबर 2025 में बंधकों की वापसी से जुड़े एक समझौते के तहत उनके अवशेष इजरायल को सौंपे गए। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications