मुंबई में प्रदूषण कंट्रोल करने के लिए MPCB का बड़ा एक्शन, 10 RMC प्लांट करवाए बंद, ₹84 लाख का जुर्माना वसूला
मुंबई शहर और उसके आसपास के एरिया की एयर क्वालिटी सुधारने के लिए महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (MPCB) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंडल की उड़नदस्तों ने दस प्रदूषणकारी रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांटों को बंद करवा दिया है और उनसे ₹84 लाख का जुर्माना वसूल किया। मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देश पर ये अभियान MPCB अध्यक्ष सिद्धेश कदम और सदस्य सचिव एम. देवेंद्र सिंह (IAS) के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।

पिछले दो दिनों में, उड़नदस्तों ने मुंबई महानगर प्रादेशिक क्षेत्र (MMR) में 44 RMC प्लांटों और निर्माण परियोजनाओं की गहन जांच की। इस दौरान, डोम्बिवली का स्वामीनारायण लाइफस्पेस, कल्याण का जे.आर.बी. इंफ्रास्ट्रक्चर, अंबरनाथ का श्रीराम एंटरप्राइजेज, भिवंडी के प्रिज्म जॉनसन व एल एंड टी बंद किए गए।
अन्य बंद किए गए RMC प्लांटों में दहिसर मोरी का कृष्णा कंस्ट्रक्शंस, तुर्भे के प्रकाश इंजीनियर्स व ए. पी. कंस्ट्रक्शंस, विरार का गजानन साईदत्त एसोसिएट्स और वरली का आर. डी. एस. प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 17 RMC प्लांटों को प्रस्तावित, तथा 4 को अंतरिम निर्देश भी जारी किए गए।
₹84 लाख का बैंक गारंटी जुर्माना वसूला गया
पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर, कल्याण (9), नवी मुंबई (1) और रायगढ़ (7) के कुल 17 RMC प्लांटों से ₹84 लाख का बैंक गारंटी जुर्माना वसूला गया है। वहीं, 29 बड़े निर्माणाधीन परियोजनाओं में से 5 को भी प्रस्तावित निर्देश दिए गए।
MPCB ने 240 RMC प्लांटों की जांच, वसूला ₹4.35 करोड़ का जुर्माना
दिसंबर से अब तक, MPCB ने 240 RMC प्लांटों का निरीक्षण कर ₹4.35 करोड़ का जुर्माना वसूला है। मंडल की यह मुहिम MMR में पर्यावरण नियमों का अनुपालन न करने वाली इकाइयों पर सख्त कार्रवाई के लिए जारी है।
MPCB सदस्य सचिव एम. देवेंद्र सिंह (IAS), वायु प्रदूषण नियंत्रण प्रयासों का हरद दिन जायजा ले रहे हैं। उन्होंने स्वच्छ हवा के लिए इस अभियान को लगातार जारी रखने का आश्वासन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications