MNS प्रमुख राज ठाकरे हुए कोरोना संक्रमित, मां-बहन की भी रिपोर्ट आई पॉजिटिव
मुंबई, 23 अक्टूबर: महाराष्ट्र में जहां हाल के दिनों में कोरोना के मामलों में कमी देखने को मिली थी। लेकिन दिवाली से पहले एक बार फिर से महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा उनके परिवार में मां कुंडा ठाकरे और बहन की भी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उनमें कोविड के मामूली लक्षण हैं। फिलहाल उन्होंने खुद को घर में ही क्वारंटीन किया है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारी ने बताया कि राज ठाकरे और उनकी मां दोनों को हल्के लक्षण हैं और उन्हें दादर स्थित उनके घर में क्वारंटीन रहने को कहा गया है। ठाकरे के एक वरिष्ठ सहयोगी ने उनके संक्रमित होने की पुष्टि की है। ठाकरे (53) ने हाल में नासिक, पुणे और ठाणे का दौरा किया था। बीएमसी के अधिकारियों के मुताबिक, राज और उनकी मां को कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके हैं।
इस दौरान पुणे में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी हुई थी। राज ठाकरे कोरोना काल में भी कभी मास्क पहने नजर नहीं आए। वे अपने घर कृष्ण कुंज पर भी लोगों से बिना मास्क लगाए ही मुलाकात करते हैं। राज ठाकरे और उनकी मां को लीलावती अस्पताल ले जाया गया है। वहां उन्हें मोनोक्लोनल एंटीबॉडी कॉकटेल दिया जाएगा। एंटीबॉडी दिए जाने के बाद तीन घंटे में दोनों को घर छोड़ दिया जाएगा।
मनसे प्रमुख के घर काम करने वाली एक महिला को कोरोना संक्रमण हुआ है। इसकी पुष्टि के बाद राज ठाकरे ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वहीं उन्होंने अगले साल होने वाले निकाय चुनाव से पहले मुंबई में पार्टी नेताओं से मुलाकात की थी। मुंबई में कोरोना संक्रमण के मामले अभी भी आना जारी हैं। शनिवार को मुंबई में कोरोना के 465 नये मामले सामने आए और पांच लोगों की संक्रमण के चलते मौत हो गई। कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या आज 562 रही। मुंबई में फिल्हाल 39 इमारतें ऐसी हैं, जिन्हें कोरोना के चलते सील किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications