कोरोना के मामलों में उछाल, महाराष्ट्र सरकार की लोगों से मास्क लगाने की अपील
कोरोना के मामलों में उछाल, महाराष्ट्र सरकार ने फिर से अनिवार्य किया मास्क पहनना
मुंबई, 4 जून: कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बीते कुछ दिनों में तेजी को देखते हुए महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार ने लोगों से मास्क लगाने की अपील की है। राज्य सरकार ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने के लिए कहा है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि बसों, स्कूलों, रेलवे और कार्यालयों जैसे स्थानों पर लोगों को मास्क पहनना चाहिए। यह अनिवार्य नहीं है, इसलिए कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा लेकिन मैं महाराष्ट्र की जनता से मास्क पहनने की अपील करता हूं।

महाराष्ट्र सरकार के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी डॉ प्रदीप व्यास ने भी जिला अधिकारियों को लिखे पत्र लिखकर कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने सहित कई आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेनों, बसों, सिनेमाघरों, सभागारों, कार्यालयों, अस्पतालों, कॉलेजों, स्कूलों और दूसरे सभी सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाया जाना चाहिए.
एडिशनल चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में राज्य में कोविड-19 मामलों की संख्या में निरंतर गिरावट देखी जा रही था लेकिन हाल के दिनों में कोविड मामले धीरे-धीरे लेकिन लगातार बढ़ रहे हैं। 3 महीने के बाद पहली बार 1 जून, 2022 को दैनिक मामले 1,000 को पार कर गए हैं। खासतौर से मुंबई और ठाणे में कोविड मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, जिसको लेकर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
सीएम ठाकरे ने भी की लोगों से मास्क लगाने की अपील
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कोविड-19 टास्क फोर्स के साथ बैठक की है। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि लोग मास्क पहने औंर सभी नियमों का पालन करें ताकि राज्य में लॉकडाउन जैसी स्थिति ना आए। साथ ही जो कोरोना टीका नहीं लगाए हैं, वो अपना टीकाकरण जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि अगर सभी लोग कोरोना नियमों का पालन करेंगे, मास्क पहनेंगे, शारीरिक दूरी का पालन करेंगे तो कोरोना प्रतिबंध की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। ऐसे में लोग खुद से इसका ध्यान रखें।












Click it and Unblock the Notifications