Maharashtra Politics: अशोक चव्हाण के इस्तीफे से हो गया खेल! राज्यसभा चुनाव में बिगड़ सकता है कांग्रेस का गणित?
Ashok Chavan resigns from Congress Party: राज्यसभा चुनावों के लिए 27 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले सोमवार को महाराष्ट्र की राजनीति में कांग्रेस को हालिया इतिहास का सबसे बड़ा झटका लगा है। इसकी वजह से पार्टी का चुनावी गणित बिगड़ सकता है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने सोमवार को न सिर्फ कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी है, बल्कि विधायक के पद से भी इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा के नामांकन के लिए 15 फरवरी को आखिरी दिन है और उससे पहले कांग्रेस के रणनीतिकारों की टेंशन बढ़ गई है।

अशोक चव्हाण के बीजेपी में जाने की अटकलें
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि अशोक चव्हाण कहां जाएंगे, लेकिन अटकलें लग रही हैं कि उनका नया ठिकाना भारतीय जनता पार्टी हो सकती है।
पिछले महीने ही महाराष्ट्र में कांग्रेस के एक और दिग्गज नेता मिलिंद देवड़ा ने भी कांग्रेस छोड़ दी थी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए थे। उसके बाद राज्य के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी भी कांग्रेस छोड़कर एनसीपी में चले गए हैं।
फडणवीस कर रहे हैं बड़े इशारे
अगर चव्हाण के इस्तीफे और राज्य के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस के बयानों को जोड़कर देखें तो उनका ये कदम राज्य की राजनीति में कोई बड़ा गुल खिला सकता है। फडणवीस ने कई कांग्रेसी नेताओं के संपर्क में होने के दावे के साथ कहा है, 'आगे-आगे देखिए होता है क्या...'
राज्यसभा में एक उम्मीदवार को चाहिए 42 वोट-रिपोर्ट
महाराष्ट्र में राज्यसभा की 6 सीटों के लिए 27 फरवरी को चुनाव होने हैं। फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में प्रत्येक उम्मीदवार को चुनाव जीतने के लिए 42 वोटों की जरूरत होगी। भाजपा तीन सीटों पर अपनी जीत के लिए पहले से ही पूरी तरह से आश्वस्त है।
राज्यसभा में जाएंगे अशोक चव्हाण?
शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने चव्हाण के फैसले पर हैरानी जताते हुए कहा है, 'कुछ दिन पहले तो वे सीटों के बंटवारे (महा विकास अघाड़ी की पार्टियों में) वाली मीटिंग में भाग ले रहे थे। मैंने सुना है कि उन्हें राज्यसभा की सीट दी जाएगी....'
हालांकि, महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले का दावा है कि उन्हें चव्हाण के बीजेपी में शामिल होने का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। लेकिन, उन्होंने कहा है कि अगर कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के एजेंडे और भाजपा की विचारधारा को स्वीकार करता है तो उसका स्वागत है।
क्या अशोक चव्हाण 10-12 कांग्रेसी एमएलए को लेकर करेंगे खेला?
उन्होंने ये भी कहा, 'इस समय हमारे पास राज्यसभा की तीन सीटें (6 में से) जीतने के लिए पर्याप्त संख्या है।' अशोक चव्हाण महाराष्ट्र के बड़े और जनाधार वाले कांग्रेसी नेता रहे हैं। वह महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और दिग्गज कांग्रेसी शंकरराव चव्हाण के बेटे हैं।
नांदेड़ इलाके में उनके परिवार की अच्छी पकड़ है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के 10 से 12 एमएलए उनके संपर्क में हैं, जो उनके एक इशारे पर 'खेला' करने के लिए तैयार हो सकते हैं।
क्योंकि, उनके इस्तीफे के बाद कुछ और नेताओं ने भी कांग्रेस छोड़ दी है। इनमें पूर्व विधान पार्षद अमरनाथ रजुर्कर, मुंबई जिलाध्यक्ष जगदीश अमीन जैसे नेताओं के नाम शामिल है, जो फडणवीस और मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार की मौजूदगी में बीजेपी का दामन थाम चुके हैं।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस का बिगड़ सकता है गणित?
महाराष्ट्र में कांग्रेस के पास 45 एमएलए थे। जिनमें से चव्हाण के इस्तीफे से यह संख्या घटकर 44 रह गई है। ऐसे में अगर दर्जन भर पार्टी विधायकों ने राज्यसभा चुनावों में चव्हाण के समर्थन में पाला बदला तो कांग्रेस का सारा गणित बिगड़ सकता है।
उद्धव और शरद लगाएंगे कांग्रेस की नैया पार!
उसके पास एनसीपी शरदचंद्र पवार के करीब 14 और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के लगभग 16 विधायक की उम्मीद बचेगी, जो पार्टी के उम्मीदवार को राज्यसभा तक पहुंचा सकेंगे।
क्योंकि, दो सीटों पर शिवसेना और एनसीपी उम्मीदवारों की दावेदारी रहेगी, जिनके पास लगभग 40-40 विधायक हैं। ऐसे में महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों से पहले इस बार राज्यसभा चुनावों में ही महामुकाबला देखने की संभावना पैदा हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications