महाराष्ट्र: विरार अस्पताल में आग ने ली 14 की जान, स्वास्थ्य मंत्री बोले- ये नेशनल न्यूज नहीं
मुंबई, 23 अप्रैल: महाराष्ट्र में दो दिन के अंदर दूसरा बड़ा हादसा हुआ, जहां पर मुंबई से सटे विरार के एक कोविड अस्पताल में आग लग गई। जिसमें अब तक 14 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई की हालत गंभीर बताई जा रही। घटना के बाद बचे हुए मरीजों को पास के अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया। साथ ही राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया। इस बीच महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे का मामले में गैरजिम्मेदाराना बयान सामने आया है।

मीडिया से बात करते हुए टोपे ने कहा कि विरार में घटी घटना नेशनल न्यूज नहीं है, लेकिन फिर भी राज्य सरकार की ओर से पूरी मदद की जा रही है। जिसके तहत मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख के मुआवजे का ऐलान किया गया है। इसके अलावा महानगर पालिका की ओर से भी 5 लाख मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि हर अस्पताल में फायर और इलेक्ट्रिक ऑडिट जरूरी है, जो इस नियम का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक विरार के विजय वल्लभ अस्पताल के आईसीयू में 17 मरीजों का इलाज चल रहा था। इसी बीच शुक्रवार सुबह वहां पर आग लग गई। प्रारंभिक जांच में इस आग की वजह को शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि दो घंटे बाद साढ़े पांच बजे के करीब फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया।
नासिक में गई थी 22 की जान
इससे पहले नासिक के जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक में लीकेज हो गया था। जिससे पूरे अस्पताल की ऑक्सीजन सप्लाई रुक गई। इस घटना में 22 लोगों की मौत हुई। ज्यादातर मृतक वेंटिलेटर पर थे, जिनके लिए ऑक्सीजन सबसे ज्यादा जरूरी थी, लेकिन लीकेज की वजह से काफी देर तक सप्लाई रुकी रही।












Click it and Unblock the Notifications