'30 दिन में 2 करोड़ लोगों का टीकाकरण', 'तीसरी लहर' से निपटने को महाराष्ट्र सरकार ने रखा टारगेट
कोरोना वायरस की तीसरी लहर अक्टूबर के महीने में आने की आशंका जताई गई है, जिसे लेकर महाराष्ट्र सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है।
मुंबई, 6 सितंबर: कोरोना वायरस के मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है और संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए राज्यों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। महामारी की दूसरी लहर में बुरी तरह प्रभावित हुए महाराष्ट्र ने भी तीसरी लहर का खतरा टालने के लिए सितंबर के महीने में 2 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अगस्त के महीने में हर रोज औसत तौर पर कोरोना वैक्सीन की 482,695 डोज दी गईं और सितंबर में 2 करोड़ का लक्ष्य हासिल करने के लिए इस आंकड़े को 700,000 तक बढ़ाना होगा। इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस वैक्सीन की 1,225,541 डोज दी गईं थी।

आपको बता दें कि महाराष्ट्र में अभी तक कुल 17,261,027 लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन के दोनों टीके लगाए जा चुके हैं, जो देश के बाकी राज्यों के मुकाबले सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 62,940,932 डोज दी जा चुकी हैं और इनमें 2.8 करोड़ से ज्यादा वो लोग शामिल हैं, जिन्हें वैक्सीन की पहली डोज मिली है।
'वैक्सीन की पर्याप्त सप्लाई हुई तो हासिल कर लेंगे लक्ष्य'
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी डॉ. प्रदीप व्यास ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सितंबर के महीने में 2 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य काफी हद तक वैक्सीन की सप्लाई पर निर्भर है। डॉ. प्रदीप व्यास ने कहा, 'केंद्र सरकार की तरफ से हमें वैक्सीन की पर्याप्त सप्लाई का आश्वासन दिया गया है। उम्मीद है कि हम सितंबर में राज्य के 2 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने का टारगेट हासिल कर लेंगे और अगर कोरोना के टीके का प्रोडक्शन बढ़ा तो यह आंकड़ा ज्यादा भी हो सकता है। हम महामारी की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए हर तरह से तैयार रहना चाहते हैं। महाराष्ट्र में अभी तक जो टीकाकरण चला है, उसमें निजी अस्पतालों ने भी अहम भूमिका निभाई है।












Click it and Unblock the Notifications