महाराष्ट्र चुनाव में 58.22 फीसदी हुआ मतदान, जानें फडणवीस, शिंदे समेत अन्य की सीटों पर कितने फीसदी पड़े वोट?
Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की 288 सीटों के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ। महाराष्ट्र में शाम 5 बजे तक 58.22 फीसदी मतदान हुआ। इस बार के चुनाव में हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली, जिसमें कई मशहूर हस्तियां और कारोबारी दिग्गज शामिल थे।
चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चली चुनावी प्रक्रिया में दिन के अंत तक पूरे राज्य में 58.22 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं गढ़चिरौली जिले में सबसे अधिक 69 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। आइए जानते हैं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत अन्य अहम सीटों पर कितने फीसदी मतदान हुआ?

बता दें नांदेड़ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव भी हुआ जिसमें 53.78 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसके नतीजे 23 नवंबर को जारी किए जाने हैं।
मुंबई में कितने फीसदी हुआ मतदान?
मुंबई शहर जिले और मुंबई उपनगरीय जिले में क्रमशः 49.07 प्रतिशत और 51.76 प्रतिशत कम मतदान हुआ, वहीं मुंबई उपनगरों में भांडुप जैसे कुछ क्षेत्रों में 60.18 प्रतिशत मतदान हुआ।
शिंदे की कोपरी-पचपखाड़ी विधानसभा सीट
कोपरी-पचपखाड़ी विधानसभा क्षेत्र जहां से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने चुनाव लड़ा था, यहां पर 55.77 प्रतिशत मतदान हुआ। शिंदे का मुकाबला शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार केदार दिघे से है।
ठाणे में कितने फीसदी हुआ मतदान
बता दें एकनाथ शिंदे की सीट ठाणे जिले के अंतर्गत आती है और पुणे की सभी सीटों पर हुए वोटिंग प्रतिशत की बात करे तो पुणे की सभी सीटों पर 49.76 फीसदी मतदान हुआ।
फडणवीस की नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट पर 51.54 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं नागपुर के अंतर्गत आने वाली सभी सीटों की बात करते तो 56.06 फीसदी मतदान हुआ।
अजित पवार की बारामती सीट
वहीं उपमुख्यमंत्री की अजित पवार बारामती सीट पर 62.31 प्रतिशत मतदान हुआ।
इन हस्तियों ने भी डाले वोट
बता दें आज मतदान के दिन उद्योग जगत के नेताओं और मशहूर हस्तियों ने चुनावी प्रक्रिया के प्रति जबरदस्त उत्साह दिखाया। सलमान खान, अक्षय कुमार और रणबीर कपूर जैसे लोग शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे, जिन्होंने नागरिक भागीदारी के लिए एक मिसाल कायम की। करीना कपूर खान, सैफ अली खान और श्रद्धा कपूर जैसे अन्य सितारों ने भी उनकी भागीदारी के साथ मतदान किया। लातूर जिले के बाभलगांव में मतदान करने वाले रितेश देशमुख ने चुनावी भागीदारी के माध्यम से भविष्य को आकार देने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
जानिए कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर लड़ रही चुनाव?
चुनावी जंग में भाजपा, शिवसेना, अजित पवार की अगुआई वाली एनसीपी और कांग्रेस समेत कई पार्टियों के बीच मुकाबला देखने को मिला, जिनमें से हर कोई राज्य के भविष्य पर अपनी-अपनी हिस्सेदारी के लिए होड़ में था। भाजपा ने महायुति गठबंधन के साथ मिलकर 149 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, जबकि कांग्रेस ने विपक्षी एमवीए गठबंधन के साथ मिलकर 101 सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के अलावा एआईएमआईएम जैसी अन्य कई पार्टियों भी चुनाव मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications